बेको-हेंसला पथ बदहाल, राहगीर परेशान
बगोदर (गिरिडीह) बगोदर प्रखंड के बेको हेंसला पथ की स्थिति काफी जर्जर हो गई है जिससे लो
बगोदर (गिरिडीह) : बगोदर प्रखंड के बेको हेंसला पथ की स्थिति काफी जर्जर हो गई है जिससे लोगों को आने जाने में काफी परेशानी हो रही है। यह मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग दो से गोपालडीह, बेको, चौधरीबांध, चिचाकी, कुसमरजा आदि पंचायतों के दर्जनों गांवों को जोड़ता है। पुन: यह जीटी रोड हेंसला में मिलाता है। इस रोड में प्रतिदिन सैकड़ों चारपहिया व दोपहिया वाहन गुजरते हैं। बगोदर व इसरी बाजार के लोग रोजमर्रा का सामान खरीदने के लिए इसी से होकर आवागमन करते हैं। रोड की स्थिति जर्जर है जिसमें गड्ढे हो गए हैं। इससे लोगों को पैदल चलने में भी परेशानी होती है। हालांकि इस पथ का सुदृढ़ीकरण व चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है, लेकिन इसमें निर्माण कार्य कछुआ की गति से चल रहा है। ठेकेदार ने लापरवाही से कई जगह पुलिस निर्माण के लिए गड्ढा करके छोड़ दिया है जिससे लोगों को आने जाने में काफी परेशानी होती है। लोगों ने बताया कि बगोदर के तत्कालीन विधायक नागेंद्र महतो ने 11 माह पूर्व रोड के सुदृढ़ीकरण व निर्माण कार्य के लिए इसका शिलान्यास किया था। रोड का निर्माण कार्य जोर शोर से चल रहा था जिससे लोगों में खुशी थी कि बहुत जल्द रोड का निर्माण हो जाएगा, लेकिन सरकार बदलते ही निर्माण कार्य रूक गया। कई महीने बाद कार्य पुन: शुरू हुआ लेकिन वह कछुआ की गति से चल रहा है। ग्रामीण जीतेंद्र महतो ने बताया कि कि रोड की स्थिति इतनी खराब है कि बाइक से चलने की बात तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल है। तत्कालीन विधायक ने आठ माह पूर्व जब रोड का शिलान्यास किया था तो बहुत उम्मीद जगी थी लेकिन आठ से नौ माह बीतने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है। रामचंद्र दास ने बताया कि रोड में कई जगह जल जमाव हो गया है जिससे आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। लगता है कि रोड तालाब बन गया है। महेंद्र यादव उर्फ डब्लू ने बताया कि यह रोड पुलिया निर्माण के लिए बनाए गए गड्ढे के कारण बाधित है। तुलेश्वर महतो ने कहा कि इस पथ की स्थिति इतनी खराब है कि इसमें चलना काफी मुश्किल है। थोड़ी बारिश होती है तो पूरा मार्ग कीचड़मय हो जाता है।