गुरुद्वारा में मनाया गया बैशाखी पर्व, श्रद्धालुओं ने छका लंगर
स्टेशन रोड में अवस्थित गुरुद्वारा में रविवार को सिख समाज ने बैशाखी पर्व मनाकर नए साल का आगाज किया।
जासं, गिरिडीह: स्टेशन रोड में अवस्थित गुरुद्वारा में रविवार को सिख समाज ने बैशाखी पर्व मनाकर नए साल का आगाज किया। त्योहार को लेकर गुरुद्वारा के दीवान साहब को आकर्षक रूप से सजाया गया था। धनबाद से आई गुरप्रीत कौर और गुरलीन कौर ने ग्रंथ साहब का कीर्तन पेश करके माहौल को भक्तिमय बना दिया।
गुरुद्वारा के प्रधान गुणवंत सिंह सलूजा ने कहा कि 1684 में आज ही के दिन सिखों के दसवें गुरु गोविद सिंह ने खालसा की स्थापना की थी। कहा कि बैशाखी प्रकृति को धन्यवाद देने के साथ उमंग और उत्साह का भी त्योहार है। दो दिन पूर्व श्रीअखंड पाठ से इसकी शुरुआत की जाती है।
इसके बाद लंगर का भी आयोजन किया गया। स्थानीय विधायक निर्भय कुमार शाहाबादी, मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी, अमरजीत सिंह सलूजा, नरेंद्र सिंह शम्मी, चरणजीत सिंह सलूजा, गुरभेज सिंह कालरा, सुधीर आनंद, देवेन्द्र सिंह, डिपल खालसा आदि भी इसमें शामिल हुए। इस पर्व पर कई लोगों को सरोपा देकर सम्मानित किया गया।