मांगें नहीं मानी गई तो कॉलेज में तालाबंदी को बाध्य होगा अभाविप
गिरिडीह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद गिरिडीह कॉलेज इकाई के नए कार्यकर्ताओं की बैठक र
गिरिडीह : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद गिरिडीह कॉलेज इकाई के नए कार्यकर्ताओं की बैठक रविवार को बरगंडा स्थित संघ कार्यालय में हुई। इसमें गिरिडीह कॉलेज में शैक्षणिक समस्या रखने, कॉलेज में सुविधाओं का अभाव रहने, पुस्तकालय का अभाव रहने, नामांकन काउंटर की सुविधा कम रहने, नियमित रूप से कक्षा चालू कराने, छात्राओं के लिए शौचालय की सुविधा यथाशीघ्र उपलब्ध कराने आदि विषयों पर गंभीरता पूर्वक चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इन सभी मांगों को प्राचार्य के समक्ष रखने का काम किया जाएगा। अगर इन मांगों पर तुरंत कार्रवाई नहीं हुई, तो अभाविप जोरदार आंदोलन कर गिरिडीह कॉलेज में तालाबंदी करने को बाध्य होगा।
अभाविप के विभावि सहसंयोजक कृष्ण त्रिवेदी ने कहा कि गिरिडीह महाविद्यालय के 56 वर्ष पूरे होने के बाद भी यहां सुविधाओं का अभाव है। आज गिरिडीह कॉलेज का जो भी अस्तित्व बचा हुआ है, वह विद्यार्थी परिषद के कारण है। कॉलेज प्रशासन सुविधा देने के नाम पर केवल खानापूर्ति कर रहा है। कुमार गौरव ने नए कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कॉलेज में पढ़ाई-लिखाई करने के साथ-साथ राष्ट्रवाद का अलख जगाने का काम भी करने को कहा। मौके पर नगर अध्यक्ष आशा रजवार, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आशीष सिंह, विजय ओझा, नगर सह मंत्री भोला राम, अक्षय कुमार, कॉलेज मीडिया प्रभारी अंकित राज, कॉलेज मंत्री उज्ज्वल तिवारी, संयुक्ता कुमारी, प्रीति कुमारी, रोशन चंद्रवंशी, ऋषि त्रिवेदी, रोशन राय, राजेश कुमार, सतीश कुमार, निर्भय कुमार, प्रवीण कुमार, साकेत गुप्ता, पुरुषोत्तम वर्मा, संस्कार कुमार, निशु पटेल, विशाल तिवारी आदि थे।