743 अधिवक्ता आज करेंगे बार के पदाधिकारियों के भाग्य का फैसला
गिरिडीह बार एसोसिएशन चुनाव शुक्रवार की सुबह साढ़े सात बजे से शुरू होगा। मतदान दिन के
गिरिडीह : बार एसोसिएशन चुनाव शुक्रवार की सुबह साढ़े सात बजे से शुरू होगा। मतदान दिन के दो बजे तक चलेगा। वहीं मतगणना तीन बजे शुरू होगा। नतीजे शाम के करीब छह बजे तक आने का अनुमान है। इस चुनाव में निवर्तमान अध्यक्ष दुर्गा पांडेय, पूर्व अध्यक्ष प्रकाश सहाय, महासचिव चुन्नूकांत, कामेश्वर यादव, उपाध्यक्ष में बालगोविद साहू आदि की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। मुकाबला कांटे का है। देखना है कि ऊंट किस करवट बैठेगा। चुनाव को लेकर प्रचार चरम पर है। प्रत्याशी मतदाताओं को लुभाने के लिए हर तरह के हथकंडा अपना रहे हैं। अपना-पराया की बातें की जा रही हैं। जातीय ध्रुवीकरण से इंकार नहीं किया जा सकता है। इधर चुनाव समिति ने मतदान को लेकर तैयारी पूरी कर चुकी है। बार एसोसिएशन हॉल में मतदान केंद्र बनाया गया है। इस दौरान पूरे हॉल की सफाई की गई। हॉल के अंदर छोटे-छोटे कई काउंटर बनाए गए हैं। एक साथ मतदाता अधिवक्ता अलग-अलग काउंटर में मतदान कर पाएंगे। ज्यादा काउंटर शारीरिक दूरी को ध्यान में रखते हुए बनाए गए हैं। साथ ही समय का भी बचत होगी। मतदान केंद्र को दो भागों में बांटा गया है।
-पहचान पत्र दिखाना होगा जरूरी :
इस चुनाव में कुल सात सौ 43 मतदाता अधिवक्ता हैं। जो अध्यक्ष-महासचिव समेत कुल 16 पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य का चुनाव करेंगे। हालांकि गिरिडीह बार एसोसिएशन में करीब साढ़े नो सौ अधिवक्ता पंजीकृत हैं। पर चुनाव में सात सौ 43 लोगों को ही वोट देने के योग्य माना गया है। करीब 80 से 90 फीसदी मतदान होने का अनुमान है। गिरिडीह न्यायालय के अलावा खोरीमहुआ, सरिया और डुमरी अनुमंडल न्यायालय के अधिवक्ता भी मतदान में शामिल होंगे। सभी गिरिडीह जिला अधिवक्ता संघ से पंजीकृत है। कुल मिलाकर तैयारी पूरी हो चुकी है। चुनाव के पर्यवेक्षक सह बार काउंसिल के सदस्य मृत्युंजय कुमार श्रीवास्तव और बालेश्वर प्रसाद सिंह चुनाव के दौरान मौजूद रहेंगे।