मछली मारने के दौरान सोन नदी में डूबने से किशोर की मौत
संवाद सूत्र केतार (गढ़वा) थाना अंतर्गत कधवन गांव निवासी नगीना चौधरी के पुत्र अमरेश चौधरी 15
संवाद सूत्र, केतार (गढ़वा): थाना अंतर्गत कधवन गांव निवासी नगीना चौधरी के पुत्र अमरेश चौधरी 15 वर्ष की मौत शनिवार की शाम सोन नदी में डूबने से हो गई। मृतक के चाचा रामनंदन चौधरी ने बताया की अमरेश चौधरी अपने कुछ मित्रों के साथ सोन नदी में शनिवार की शाम करीब पांच बजे मछली पकड़ने के लिए जाल बिछाने गया था। इसी दौरान जाल बिछाने के क्रम में सोन नदी के बीच धारा में चल गया और पानी अधिक होने की वजह से डूब गया। अमरेश शंकर प्रताप देव उच्च विद्यालय का नौवीं कक्षा का छात्र था। उन्होंने बताया कि अमरेश को डूबत देख उसके साथियों ने हरसंभव बचाने की कोशिश की। लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। इसके बाद उसके साथ मछली मारने गए साथी प्रिस वर्मा एवं बीरबल चौधरी ने इसकी सूचना उसके स्वजनों तथा ग्रामीणों को दी। स्थानिय ग्रामीणों और गांव के गोताखोरों ने देर रात तक सोन नदी में शव की खोजबीन की। लेकिन उसका शव बरामद नहीं हो सका। रविवार को ग्रामीणों ने सुबह से ही शव का खोजबीन करना शुरू किया। अंतत: अमरेश का शव घटना के करीब 20 घंटा बाद रविवार की दोपहर करीब दो बजे सोन नदी से बरामद हुआ। इधर मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक के पिता दूसरे राज्य में मजदूरी करने गये हैं। उक्त घटना की जानकारी मिलने के बाद वह वापस घर लौट रहे हैं। उक्त घटना को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन द्वारा गोताखोर और एनडीआरएफ की टीम उपलब्ध कराईं गई होती तो शव शनिवार को ही बरामद हो जाता। लेकिन प्रशासन द्वारा कोई पहल नहीं की गई। घटन स्थल पर थाना प्रभारी जयनाथ उरांव ने दल-बब के साथ पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया है।