महिलाएं व लड़कियां अपने साथ हो रहे दुर्व्यवहार की बेहिचक दें सूचना : एसपी
संवाद सहयोगी गढ़वा महिलाओं से संबंधित मामले को लेकर गढ़वा जिला पुलिस विशेष रणनीति बनाक
संवाद सहयोगी, गढ़वा : महिलाओं से संबंधित मामले को लेकर गढ़वा जिला पुलिस विशेष रणनीति बनाकर कार्य कर रही है। इसके लिए महिला थाना व महिला पुलिस बल को विशेष एलर्ट किया गया है। महिलाओं को अपनी समस्याएं रखने में परेशानी नहीं हो, साथ ही उनसे संबंधित मामलों का त्वरित निष्पादन हो सके। इसके लिए वाट्सएप नंबर 977194 2282 जारी किया गया है। यह वाट्सएप नंबर 24 घंटे काम करेगा। इस नंबर पर विशेष रूप से महिलाओं के साथ छेड़छाड़, दुष्कर्म व उनका अपहरण आदि घटनाओं को रोकने की योजना बनायी गयी है। इस वाट्सएप पर सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत एक्शन में आयेगी और संबंधित पक्षों के विरूद्ध तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इसको लेकर गढ़वा मुख्यालय डीएसपी दिलीप खलखो के नेतृत्व में एक सेल का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि नुक्कड़ नाटक, सेमिनार आदि जागरूकता कार्यक्रम भी पूरे जिले में चलाये जाने की योजनायें बनाई गई हैं। इस संबंध में गढ़वा एसपी श्रीकांत सुरेशराव खोटरे ने बताया कि लड़कियां व महिलाएं इस नंबर पर तुरंत अपने साथ हो रहीं घटनाओं की जानकारी दें। इससे संबंधित मामले के निष्पादन के लिए पुलिस हमेशा तत्पर रहेगी। उन्होंने बताया कि पुलिस की पेट्रोलिग वाहन पीसीआर व टाईगर मोबाइल के अलावा सादे ड्रेस में पुलिस विभिन्न स्थानों में सक्रिय हैं। उन्होंने बताया कि कॉलेज, स्कूल, कोचिग सेंटर जानेवाली लड़कियों को असामाजिक तत्वों से डरने की जरूरत नहीं है। वे बेहिचक इस वाट्सअप नंबर पर सूचना दे़ं। एसपी ने बताया कि गढ़वा जिले में अड्डेबाजी के स्थानों को चिह्नित करने के बाद वहां पर लगातार पुलिस द्वारा गश्त की जा रही है। उन्होंने बताया कि गढ़वा व श्रीबंशीधरनगर स्थित महिला थाने में भी महिलाएं अपनी समस्या रखकर सहयोग ले सकती हैं। उन्होंने बताया कि जिले में महिला पुलिस पदाधिकारी व महिला पुलिस बल पर्याप्त संख्या में उपलब्ध हैं। इसलिए कार्रवाई करने में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है।