Move to Jagran APP

महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ रहीं संगीता श्रीवास्तव

रजनीश कुमार मंगलम श्री बंशीधर नगर (गढ़वा) श्री बंशीधर नगर प्रखंड के नरही पंचायत की मु

By JagranEdited By: Published: Thu, 17 Jun 2021 07:10 PM (IST)Updated: Thu, 17 Jun 2021 07:10 PM (IST)
महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ रहीं संगीता श्रीवास्तव
महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ रहीं संगीता श्रीवास्तव

रजनीश कुमार मंगलम: श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): श्री बंशीधर नगर प्रखंड के नरही पंचायत की मुखिया संगीता श्रीवास्तव पंचायत की महिलाओं को सशक्त व स्वावलंबी बनाने की दिशा में पिछले सात वर्षों से लगातार कार्य कर रही हैं। मुखिया संगीता श्रीवास्तव से प्रेरित होकर महिलाएं स्वयं का समूह बनाकर आत्म निर्भर बन रही हैं। इनके प्रयास से पंचायत में अभी तक 62 महिला स्वयं सहायता समूह का गठन किया जा चुका है। समूह से जुड़ी पंचायत की महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर स्वावलंबी बन रही हैं। पंचायत की महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए मुखिया संगीता श्रीवास्तव जागरूकता अभियान चलाकर उन्हें जागरूक कर रही हैं। कोविड-19 वैक्सीनेशन, नशाखोरी, दहेज प्रथा, अंधविश्वास, डायन बिसाही प्रथा, बाल विवाह के प्रति महिलाओं को जागरूक करने के लिए पंचायत में कई रैलियां निकालीं। साथ ही पंचायत का भ्रमण कर महिलाओं को जागरूक करने का काम संगीता ने किया। संगीता के प्रयास से महिलाओं में अपने बच्चों को शिक्षित करने के प्रति जबरदस्त जागरूकता आई है। पंचायत की 86 महिलाओं को दीदी बाड़ी योजना, 18 महिलाओं को बिरसा हरित ग्राम योजना, 50 से अधिक महिलाओं को कौशल विकास योजना तथा 70 महिलाओं को वार्मिंग कंपोस्ट योजना (जैविक खाद) के तहत स्वरोजगार से जोड़ा गया है। संगीता ने बताया कि पंचायत की समुचित विकास के साथ-साथ महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना मेरा लक्ष्य है। पंचायत की कई परिवार की महिलाएं जागरूक होकर स्वरोजगार से जुड़ रही हैं। नरही पंचायत के नाम पर श्री बंशीधर नगर में कई वर्षों से सीएसपी का संचालन किया जा रहा था। महिलाओं की परेशानी को देखते हुए अथक परिश्रम के बाद सीएसपी का संचालन पंचायत मुख्यालय में कराया। ताकि महिलाओं को रुपए की निकासी व जमा के लिए शहर न जाना पड़े। महिलाओं के उत्थान के लिए लगातार प्रयासरत हूं। उत्कृष्ट कार्य के लिए कई बार सम्मानित हो चुकी हैं संगीता पंचायत के विकास व महिलाओं के सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए वर्ष 2018 में जिले के तत्कालीन उपायुक्त के द्वारा जिला मुख्यालय में मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर मुखिया संगीता श्रीवास्तव को सम्मानित किया था। वहीं 1 अक्टूबर 2018 को पंचायत में अच्छे कार्य व शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर योगदान के लिए भवनाथपुर में सोशल इनोवेशन ग्रुप के द्वारा मुखिया संगीता श्रीवास्तव को सम्मानित किया था। 15 नवंबर 2018 को जिला मुख्यालय गढ़वा में पंचायत के विकास कार्यों में सराहनीय योगदान के लिए अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की ओर से मुखिया संगीता को सम्मानित किया गया था। उत्कृष्ट कार्य के लिए 15 अगस्त 2019 को अनुमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में तत्कालीन अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा मुखिया संगीता को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया था। वहीं जीत की पहली वर्षगांठ पर पंचायत सचिवालय में पंचायत की महिलाओं के द्वारा तलवार भेंट कर मुखिया संगीता को सम्मानित किया गया था।

loksabha election banner

- किसी भी समाज का स्तंभ है महिलाएं: मुखिया संगीता श्रीवास्तव ने कहा कि निसंदेह सहजता से हर एक दिन भिन्न-भिन्न भूमिकाएं जीते हुए महिलाएं किसी भी समाज का स्तंभ है। हमारे आसपास महिलाएं, सहृदय बेटियां, संवेदनशील माताएं, सक्षम सहयोगी और अन्य कई भूमिकाओं को बड़ी कुशलता व सौम्यता से निभा रही हैं। लेकिन आज भी समाज उनकी भूमिका को नजरअंदाज करता है। इसके चलते महिलाओं को बड़े पैमाने पर असमानता, उत्पीड़न, वित्तीय निर्भरता और अन्य सामाजिक बुराइयों का खामियाजा सहन करना पड़ता है। सदियों से यह बंधन महिलाओं को पेशेवर और व्यक्तिगत ऊंचाइयों को प्राप्त करने से अवरुद्ध करते रहे हैं। उनको समाज में उचित व सम्मानजनक स्थिति पर पहुंचाने के लिए महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम आरंभ किए हैं, जो अलग पृष्ठभूमि की महिलाओं के आत्मसम्मान, आंतरिक शक्ति और रचनात्मकता को पोषण करने के लिए ठोस आधार प्रदान करते हैं। इस तरह से स्थापित महिलाएं आज अपने कौशल, आत्मविश्वास और शिष्टता के आधार पर दुनिया की किसी भी चुनौती को संभालने में सक्षम हैं। महिलाएं आगे आ रही हैं और अपने परिवारों, अन्य महिलाओं व समाज के लिए शांति एवं सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के अग्रदूत के रूप में स्थापित कर रही हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.