गढ़वा-चिनियां पथ का होगा मजबूतीकरण
जागरण संवाददाता गढ़वा गढ़वा के सड़कों की दुर्दशा समाप्त होने वाली है। गढ़वा-चिनियां
जागरण संवाददाता, गढ़वा :
गढ़वा के सड़कों की दुर्दशा समाप्त होने वाली है। गढ़वा-चिनियां पथ का मजबूती करण, राइडिग क्वालिटी में सुधार कार्य किया जाएगा। साथ ही जिला मुख्यालय की सात अन्य सड़के भी चकाचक होंगे। इन सभी सड़कों का मजबूतीकरण, राइडिग क्वालिटी में सुधार कार्य पीडब्ल्यूडी द्वारा किया जाएगा। इसके लिए झारखंड सरकार ने प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। गढ़वा विधायक सह पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के प्रयास से इस कार्य की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसकी जानकारी देते हुए मिथिलेश कुमार ठाकुर ने बताया कि जिले की सड़कें काफी खस्ताहाल में है। इन सभी का सुधार के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। इस प्रयास के तहत अब तक मंझिआंव से सुंडीपुर पथ, भंडरिया से गोदरमाना पथ तथा गढ़वा चिनियां पथ का मजबूती करण राइडिग क्वालिटी में सुधार कार्य की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इसके साथ-साथ गढ़वा जिला मुख्यालय की सात सड़कें पहला एनएच 75 से डीसी, डीडीसी, एसडीएम आवास व स्टाफ क्वार्टर तक, दूसरा एनएच 75 से समाहरणालय तक, तीसरा एनएच 75 से बालिका उच्च विद्यालय होते हुए गढ़देवी मंदिर एवं सरस्वती नदी होते हुए बाजार समिति तक, चौथा मिनी बस स्टैंड दानरो नदी पुल के नजदीक से एनएच 75 तक, पांचवा मारुति शोरूम से नवादा मोड़ भाया बिशुनपुर तक, छठा एनएच 75 से चिनियां रोड तथा सातवां सड़क सहिजना मोड़ लक्ष्मी मार्केट से करमडीह पुल तक राइडिग क्वालिटी में सुधार का कार्य किया जाएगा। सरकार की ओर से इन सभी पथों की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। जल्द ही निविदा का कार्य पूर्ण कर कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि जिले की सभी सड़कों को बेहतर एवं गुणवत्ता युक्त बनाया जाएगा। इसके लिए वे लगातार प्रयासरत हैं।