प्रेमी की शादी रुकवाने के लिए थाने पहुंची युवती
Girlfriend. झारखंड के गढ़वा में प्रेमी की शादी रुकवाने के लिए युवती थाने पहुंच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
संवाद सूत्र, भंडरिया (गढ़वा)। पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत उतेड़ गांव की एक युवती ने भंडरिया थाना में आवेदन देकर थाना क्षेत्र के नौका गांव निवासी कैलाश सिंह के पुत्र महेश सिंह पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोपित महेश सिंह बीएसएफ का जवान है।
प्राथमिकी में युवती ने उल्लेख किया है कि बीएसएफ जवान महेश सिंह के साथ उसका पिछले चार-पांच वर्षों से प्रेम प्रसंग चला आ रहा है। महेश सिंह शादी का झांसा देकर इस दौरान कई बार यौन शोषण करता रहा। कुछ माह
पूर्व उसने युवती को उसके साथ शादी नहीं कर किसी दूसरे के साथ शादी करने की धमकी देने लगा। इसी बीच, महेश सिंह के घरवालों द्वारा महेश सिंह की शादी रंका थाना क्षेत्र के गोबरदाहा में तय करते हुए शादी की तिथि भी निर्धारित कर दी। साथ ही, तिलक चढ़ाने का रस्म भी पूरी हो गई। 28 मई को महेश की बारात भी जाने वाली थी। महेश सिंह की शादी किसी दूसरे लड़की के साथ होने की भनक लगते ही युवती मंगलवार को महेश सिंह के घर नौका आ धमकी तथा महेश के साथ अपने संबंधों की जानकारी वहां मौजूद लोगों को दी। महेश सिंह ने धमकी देते हुए उससे शादी नहीं करने से इनकार कर दिया।
इसके बाद युवती न्याय के लिए भंडरिया थाना पहुंचकर महेश सिंह के विरुद्ध शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने की प्राथमिकी दर्ज कराई। भंडरिया पुलिस ने बयान पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए महेश सिंह की शादी को रोक दिया है। इधर, थाना में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से महेश सिंह घर से फरार है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप