मंत्री के निर्देश के बाद झामुमो ने टीकाकरण जागरूकता अभियान किया तेज
संवाद सहयोगी गढ़वा मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के निर्देश के बाद झामुमो ने जिले में टीक
संवाद सहयोगी, गढ़वा : मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के निर्देश के बाद झामुमो ने जिले में टीकाकरण जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। शुकवार को पार्टी के जिलाध्यक्ष तनवीर आलम खान के नेतृत्व में विभिन्न गांवों का भ्रमण किया गया तथा लोगों को कोरोनारोधी टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया गया। मालूम हो कि मंत्री ने सबसे पहले शत-प्रतिशत टीकाकरण पूर्ण कराने वाली प्रखंड कमेटी को एक लाख रूपये का नगद पुरस्कार देने एवं विकास कार्यों के लिए राशि आवंटित करने की घोषणा की है। इसके बाद झामुमो कार्यकर्ता काफी सक्रिय दिख रहे हैं। टीकाकरण जनजागरूकता अभियान को ले झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष तनवीर आलम खान,युवा मोर्चा अध्यक्ष नितेश सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष अंजलि गुप्ता ने कमान संभाल लिया है। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के विधायक प्रतिनिधि कंचन कुमार साहू ने बताया कि गढ़वा जिला को टीकाकरण के क्षेत्र में शत प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त कराने के लिए जिला कमिटी द्वारा खास रणनीति बनाई गई है। इसके तहत गांव गांव में लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके पश्चात उपायुक्त, उप विकास आयुक्त व सिविल सर्जन के साथ तालमेल बना कर स्वास्थ्यकर्मियों के सहयोग से घर-घर जाकर लोगों को टीका लगवाया जा रहा है। झामुमो कार्यकर्ता लोगों को टीका लगवाने के लिए अस्थायी तथा स्थायी टीकाकरण केंद्रों तक पहुंचा रहे हैं। तनवीर आलम ने 18 से ऊपर के सभी लोगों से टीका लगवाने की अपील की है। शुक्रवार को गढ़वा विधानसभा के सभी छह प्रखंडों में प्रखंड अध्यक्ष के नेतृत्व में कमेटी गठन कर टीकाकरण कराया गया।