मुख्य समारोह में मंच पर 5 लोगों को रहने की मिलेगी अनुमति
स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले झंडारोहन का समय निर्धारित कर लिया गया है। निर्धारित समय पर विभिन्न स्थानों पर झंडारोहन किया जाएगा। कोरोना महामारी को ले इस वर्ष जिला प्रशासन द्वारा खास एहतियात बरता जा रहा है।
संवाद सहयोगी, गढ़वा : स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले झंडारोहन का समय निर्धारित कर लिया गया है। निर्धारित समय पर विभिन्न स्थानों पर झंडारोहन किया जाएगा। कोरोना महामारी को ले इस वर्ष जिला प्रशासन द्वारा खास एहतियात बरता जा रहा है। शारीरिक दूरी व नियमों के अनुपालन के लिए खास प्रबंध किए गए हैं। मुख्य मंच पर केवल 5 लोगों को ही अनुमति प्रदान की जाएगी जबकि मंच के आसपास सिर्फ 50 गणमान्य लोग ही रह सकेंगे। गोविद उच्च विद्यालय के मैदान में शारीरिक दूरी का अनुपालन करने के लिए चूने से बाक्स बनाया गया है। जिससे लोग शारीरिक दूरी का अनुपालन कर सकें। कार्यक्रम स्थल में आने वाले लोगों के लिए मास्क लगाना अनिवार्य होगा। मुख्य समारोह गोविद उच्च विद्यालय के मैदान में आयोजित किया गया है। सुबह 9.01 बजे सूबे के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर सार्वजनिक झंडारोहन करेंगे। मंत्री का आगमन 8.52 बजे कार्यक्रम स्थल पर होगा। 8.54 बजे वह परेड का निरीक्षण करेंगे। इसके पश्चात 9.01 बजे झंडारोहण करेंगे। इसके पश्चात भाषण, कोरोना योद्धाओं को सम्मानित करने, आनलाइन निबंध व पेटिग प्रतियोगिता के सफल अभ्यर्थियों के नाम की घोषणा होगी। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर निर्धारित समय पर झंडोरोहन किया जाएगा। उपायुक्त कार्यालय परिसर में उपायुक्त राजेश कुमार पाठक द्वारा सुबह 10.45 बजे, एआरडी पब्लिक स्कूल में अवधराज देवी द्वारा 10.05 बजे, आरसेटटी में निदेशक प्रियरंजन द्वारा सुबह 8 बजे, दुर्गा मेडिकल हॉल रंका रोड में 10.03 बजे केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष संजय कुमार ठाकुर, डीएवी मॉडल स्कूल में संरक्षक ज्ञान प्रकाश केशरी द्वारा सुबह 8 बजे, एलआइसी शाखा कार्यालय में शाखा प्रबंधक प्रसेनजीत सेन गुप्ता सुबह 7.30 बजे, रामासाहू उच्च विद्यालय परिस में प्रधानाध्यापक आशुतोष कुमार झा द्वारा सुबह 10 बजे झंडारोहन किया जाएगा।