ट्रक से धक्के से ऑटो पलटा, आधा दर्जन यात्री जख्मी
रंका: रंका में शुक्रवार की दोपहर करीब ढाई बजे सड़क दुर्घटना में आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से जख्मी
रंका: रंका में शुक्रवार की दोपहर करीब ढाई बजे सड़क दुर्घटना में आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी घायलों को रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए ले जाया गया। जानकारी के अनुसार रंका के मध्य बौली कुएं के समीप ट्रक के साइड लेने के क्रम में सवारी से भरा ऑटो की रगड़ हो गई और ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस घटना में ऑटो पर सवार पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के बोड़ी गांव निवासी अन्ना मेरी टोपनो एवं उसका पति दानियल भेंगरा गंभीर रूप से जख्मी हो गए। वहीं रंका थाना क्षेत्र के मतौली गांव निवासी दशरथ साह एवं उनकी पत्नी मानमती देवी, करसो गांव निवासी भवनाथ सिंह की पत्नी दुर्गावती देवी एवं उनका पुत्र प्रेम कुमार सिंह भी घायल हैं। इस घटना के बाद सभी घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से इलाज के लिए रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। जहां सभी का इलाज किया जा रहा है। चिकित्सक ने सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई है।