लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे सूचित की हत्या पत्नी रोस मिज ने की थी, पुलिस ने किया पर्दाफाश
संवाद सूत्र रमकंडा (गढ़वा) गुरुवार की रात लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक क
संवाद सूत्र, रमकंडा (गढ़वा):
गुरुवार की रात लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक की सालेटोंगरी गांव स्थित उसके ससुराल से शव बरामद होने की घटना का गुत्थी शनिवार को रमकंडा पुलिस ने सुलझा लिया है। रंका के बरवाही गांव का युवक सूचित लकड़ा की हत्या उसकी पत्नी रोस मिज ने ही गला दबाकर की थी। वहीं महिला पुलिस की उपस्थिति में उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात दोनों एक ही कमरे में सोए हुए थे। इसी दौरान सूचित लकड़ा शराब के नशे में होने के बाद किसी बात को लेकर रोस मिज के साथ बकझक करने लगा। बात बढ़ कर दोनों में लड़ाई तक जा पहुंची। इसी दौरान सूचित लकड़ा ने गर्भवती रोस मिज के पेट में लात मार दी। इसके बाद गुस्से में आकर रोस मिज ने अपने दुपट्टा के सहारे गला दबाकर सूचित की हत्या कर दी। इधर बताया जाता है कि दोनों दंपति पिछले छह माह से सालेटोंगरी गांव में लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। इस संबंध में थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता ने बताया कि गुरुवार की रात अपने कमरे में सोने चले जाने के बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच लड़ाई हुई थी। इसी बीच मृतक ने अपनी पत्नी की पिटाई किया था। इसी को लेकर मृतक की पत्नी ने हत्या कर दी। रोस मिज के स्वजन उसे बचाने के लिए इस पूरे मामले को आत्महत्या दिखाने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन कड़ाई से पूछताछ के दौरान रोस मिज ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। जिसके बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वही इस घटना में पुलिस अन्य बिदुओं पर भी अनुसंधान कर रही है। इधर इस मामले में पुलिस ने आरोपित के अलावे उसके पिता रिमिस मिज, उसकी मां स्वाति मिज व भाई मुकेश मिज पर एक साथ मिलकर हत्या किये जाने का मामला दर्ज कर मामले के अनुसंधान में जुट गई है।