सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, साढ़े तीन माह पूर्व ही हुई थी शादी Dumka News
सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। उसके सिर में गंभीर चोटे आईं थीं। डॉक्टर का कहना है कि अगव वह हेलमेट पहने होता तो संभव है कि उसकी जान बच सकती थी।
दुमका, जेएनएन। जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र के बासुकीनाथ-दुमका मुख्य मार्ग पर सरडीहा मशान काली के समीप सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गयी। यह घटना रविवार की रात करीब नौ बजे की बतायी जा रही है। मृतक युवक की पहचान जरमुंडी थाना क्षेत्र के हथनामा पंचायत के बाघमारा निवासी नकुल राय (21 साल) पिता पंचानंद राय के रूप में हुई।
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि नकुल राय बाइक लेकर दुमका से अपने घर की ओर आ रहा था। इस दरमियान अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह बुरी तरह से घायल हो गया। समाजिक कार्यकर्ता निरंजन मण्डल के द्वारा सूचना मिलने पर जरमुंडी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची व घायल युवक को 108 एंबुलेंस की सहायता से जरमुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
साढ़े तीन माह पूर्व ही हुई थी शादी
जरमुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद डॉक्टर अनीश कुमार ने युवक को मृत घोषित किया। घटना की जानकारी परिजनों को मिलने के बाद अस्पताल में परिजनों की भारी भीड़ जुट गई। मृतक के बड़े भाई दीनानाथ राय ने बताया कि उसके भाई नकुल राय की साढ़े तीन माह पूर्व ही शादी हुई थी। घटना के बाद से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
हेलमेट रहता तो बच जाती युवक की जान
सड़क दुर्घटना में मृत नकुल राय के सर में गंभीर चोट लगी थी। डॉक्टर अनीश कुमार की माने तो सर में चोट लगने एवं अत्यधिक रक्त बह जाने की वजह से उसकी मौत हुई। चिकित्सक ने बताया कि अगर युवक ने हेलमेट पहना होता तो संभवत उसकी जान बच जाती। बता दें कि प्रशासन के द्वारा वाहन चालन संबंधी जागरूकता अभियान चलाने के बाद बावजूद भी प्रखंड क्षेत्र में अधिकांश दुपहिया चालक बिना हेलमेट के बाइक चलाते नजर आते हैं।