हादसे में महिला समेत तीन लोग घायल
दुमका-जामताड़ा मुख्य सड़क पर हतियापाथर मोड़ के दो सौ मीटर पीछे सोमवार को साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में बाइक सवार दो लोग व पैदल जा रही एक महिला घायल हो गई। घायल तेजू राय शनिचर राय व आलोदी हेंब्रम को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
संवाद सूत्र, दलाही (दुमका): दुमका-जामताड़ा मुख्य सड़क पर हतियापाथर मोड़ के दो सौ मीटर पीछे सोमवार को साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में बाइक सवार दो लोग व पैदल जा रही एक महिला घायल हो गई। घायल तेजू राय, शनिचर राय व आलोदी हेंब्रम को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गुमरो पंचायत के बिहाजोरी गांव के दोनों युवक तेजू राय व शनिचर राय बाइक से मसलिया से घर लौट रहे थे। मोड़ के पास आगे चल रहे साइकिल सवार को बचाने के क्रम में दोनों असंतुलित होकर सड़क के बीचोंबीच गिर गए। वहीं सड़क किनारे खड़ी हतियापाथर गांव की एक महिला बाइक की चपेट में आने से घायल हो गई। महिला ने बताया कि वह मेहमान को बस में बैठाने के बाद सड़क किनारे खड़ी थी। तभी बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद महिला के स्वजनों ने दोनों घायलों की बाइक को घर में रख लिया और इलाज में होने वाले खर्च की मांग की। वहीं दोनों घायलों को उनके घरवालों ने निजी वाहन से प्राथमिक चिकित्सा के लिए सरमुंडी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।