दुमका में एक चोर को गांववालों ने पीट-पीटकर मारा, तीन अन्य भागने में सफल Dumka News
सरैयाहाट प्रखंड के केंदुआ गांव में गुरुवार की रात चार युवक चोरी करने के लिए गए थे। घरवालों की नींद खुल गई। शोर करने के बाद गांववालों ने एक चोर को पकड़ लिया और पीटकर मार डाला।
दुमका, जेएनएनएन। जिले के सरैयाहाट प्रखंड के केंदुआ गांव में गुरुवार की रात चोरी करने गए चार युवकों में से एक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने चोर की जमकर पिटाई की जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि अन्य तीन चोर मौके से फरार हो गए। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। शुक्रवार की सुबह पुलिस गांव में पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान सुमैता गांव निवासी प्रमोद हाजरा के रूप में की गई है। बताया जाता है कि प्रमोद हाजरा अपने तीन दोस्तों के साथ केंदुआ गांव के विराम मंडल के घर चोरी करने के लिए गया था। घर में चोरी करने के बाद सभी जाने लगे। तभी घरवालों की नींद खुल गई। लोगों ने चोर-चोर कहकर शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद गांववालों की नींद भी खुल गई और प्रमोद हाजरा को घेर लिया।
सैकड़ों की संख्या में जुटे ग्रामीण उग्र हो गए और प्रमोद हाजरा की पिटाई करने लगे। भीड़ ने पीट-पीटकर उसकी जान ले ली। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी। हालांकि फरार तीन अन्य चोरों के बारे में अभी कुछ भी पता नहीं चल सका है। गृहस्वामी ने बताया कि चांदी के गहने के साथ 4800 रुपये नकद की चोरी हुई है।
इधर, प्रमोद हाजरा की पत्नी कंचन देवी शुक्रवार को थाना पहुंची और पुलिस को एक आवेदन दिया। कहा कि गुरुवार की रात पति के साथ झंझट हुआ। उसी समय वह घर से निकल गए। सुबह गांववालों से घटना की जानकारी हुई। कंचन ने न्याय की गुहार लगायी है। घटनास्थल से प्रमोद हाजरा का गांव सात किलोमीटर दूर है।
गृहस्वामी के साथ-साथ प्रमोद हाजरा की पत्नी ने आवेदन दिया है। गृहस्वामी के आवेदन पर चोरी और मृतक की पत्नी के आवेदन पर अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा। - अनिमेष नथानी, एसडीपीओ, जरमुंडी।