सेवा विस्तार को हड़ताल पर गए अनुबंधकर्मी
जागरण संवाददाता दुमका 14वीं वित्त आयोग के तहत अनुबंध पर रखे गए 69 अनुबंध कर्मी सेवा विस्तार
जागरण संवाददाता, दुमका : 14वीं वित्त आयोग के तहत अनुबंध पर रखे गए 69 अनुबंध कर्मी सेवा विस्तार की मांग को लेकर शनिवार से हड़ताल पर चले गए। सभी ने पुराने समाहरणालय परिसर में धरना दिया। कर्मियों के हड़ताल पर जाने से पंचायत के विकास पर इसका असर पड़ेगा।
संघ के अशोक कुमार ने कहा कि विभाग से पत्र जारी हुआ है, इसमें 18 कनीय अभियंता व 51 लेखा लिपिक की सेवा को 31 दिसंबर से समाप्त करने की बात कही गई है। पंचायती राज विभाग में समायोजन और सेवा विस्तार के लिए सरकार तक बात पहुंचा चुके हैं। अभी तक किसी प्रकार का सकारात्मक प्रयास नहीं होता दिख रहा है। विवश होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।
कहा कि ग्राम पंचायत के विकास से संबंधित सारे कार्य उनके द्वारा ही होते हैं। समय समय पर दूसरे काम भी कराए जाते रहे हैं। कहा कि जब तक उनकी सेवा का विस्तार नहीं किया जाता है और समान कार्य के बदले समान वेतन नहीं मिला है, तब तक हड़ताल समाप्त होने वाली नहीं है। इतना ही नहीं सेवा विस्तार के साथ सभी कर्मियों को स्थायी किया जाए। धरना देने वालों में सिद्धार्थ शंकर, राजीव कुमार, स्वरूप मंडल, समरेश, जॉयल, सोमनाथ, नंदलाल, बंटी, आनंद, प्रसन्नजीत, चिरंजीत, नीलम
सोनाली, ज्योति आदि शामिल थीं।