सड़क हादसे में बहनोई की मौत, साला घायल
अमरपुर के पास ट्रक ने मारी बाइक में ठोकर एक घंटे तक जाम रहा मार्ग
संवाद सहयोगी, नोनीहाट: रामगढ़ थाना क्षेत्र के दुमका भागलपुर मुख्य पथ पर अमरपुर गांव के पास सोमवार को ट्रक की चपेट में आने से बाइक चालक सोनालाल मरांडी की मौत हो गई। वहीं नरेश मुर्मू गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने एक घंटे के लिए दुमका-नोनीहाट मार्ग को जाम कर दिया। बीडीओ व सीओ के आश्वासन पर ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ।
बताया जाता है कि जरमुंडी प्रखंड के मटकारा गांव का सोनालाल मरांडी रविवार को रामगढ प्रखंड के बुढीझिलवा गांव अपनी ससुराल आया था। वह साले नरेश मुर्मू के साथ बाइक में पेट्रोल डलवाने के लिए लगला गांव आया था। दोनों तेल भरवाने के बाद गांव से नोनीहाट की ओर आ रहे थे। अमरपुर गांव के पास दुमका की ओर से आ रहे ट्रक ने ट्रक ने पीछे बाइक में ठोकर मार दी। मौके पर सोनालाल की मौत हो गई। जबकि नरेश घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को स्वास्थ्य केंद्र भेजने के बाद ग्रामीणों ने मार्ग को जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलने पर अंचलाधिकारी रामा रविदास मौके पर पहुंचे। उन्होंने सोनालाल की पत्नी रासमुनि मुर्मू को तत्काल पांच हजार की सहायता दी। सीओ ने कहा कि जामा बीडीओ और सीओ से बात कर आश्रित को विधवा पेंशन और प्रधानमंत्री आवास दिलाया जाएगा। बीडीओ साइमन मरांडी ने मौत के एक घंटा बाद परिजन को ऑनलाइन मृत्यु प्रमाण पत्र दिया। रामगढ़ पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जाम हटवाया।