पीएस-मनबोध ने सीनियर व जूनियर वर्ग में मारी बाजी
दुमका शहर के आंबेडकर चौक में शुक्रवार को प्रभाष रंजन ठाकुर मेमोरियल क्रास कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया। पुरुषों की इस दौड़ के सीनियर वर्ग में पीएस मरांडी व जूनियर वर्ग में मनबोध ने बाजी मारी।
दुमका : शहर के आंबेडकर चौक में शुक्रवार को प्रभाष रंजन ठाकुर मेमोरियल क्रास कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया। पुरुषों की इस दौड़ के सीनियर वर्ग में पीएस मरांडी व जूनियर वर्ग में मनबोध ने बाजी मारी।
उपविकास आयुक्त शेखर जमुआर ने खिलाड़ियों को रवाना किया। कहा कि कभी मैं भी पंक्ति में लगकर दौड़ प्रतियोगिता का हिस्सा हुआ करता था परंतु आज दौड़ आयोजित करने में हर्ष हो रहा है। उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि 20 दिसंबर को मतदान अपने मताधिकार का अवश्य उपयोग करें। पूर्वजों ने काफी संघर्ष और बलिदान देकर मतों के माध्यम से अपना नीतिनियंता स्वयं निर्धारित करने का अधिकार प्राप्त किया। लोकतंत्र के इस उत्सव में भाग लेकर उनके बलिदान को अवश्य सार्थक बनाएं। सीनियर वर्ग में पीएस मरांडी, रंजीत किस्कू व विकास हांसदा पहले से तीसरे स्थान पर रहे। तीनों को छह, तीन और दो हजार का नकद पुरस्कार दिया गया। वहीं चौथा से दसवां स्थान प्राप्त करनेवाले प्रतिभागी टोनोय मुर्मू, कुमुद रंजन, दीपक कुमार मंडल, किस्टो हांसदा, खालिद अनवर, सौरव कुमार व सूर्य सिंह हांसदा को ट्रैक सूट और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जूनियर वर्ग में मनबोध मंडल, मुकेश हौसला व संतोष कुमार को पहले से तीसरे स्थान पर आने के लिए तीन, दो व एक हजार नगद के साथ अन्य पुरस्कार भी दिए गए। चौथे से छठा स्थान प्राप्त करनेवाले आशीष हेंब्रम, सैमुअल मुर्मू व राजू राय को ट्रैक सूट और प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया। सभी विजेताओं को उपविकास आयुक्त, अभियान एएसपी आरसी मिश्र, आश्रम उच्च विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार साह व स्वर्गीय प्रभाष रंजन ठाकुर की धर्मपत्नी हीरामणि झा ने पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में लगभग 300 प्रतिभागियों ने भाग लिया। मौके पर खेलकूद संघ के सचिव उमाशंकर चौबे, मदन कुमार, बीबी गुहा, कुणाल दास राहुल, हैदर हुसैन, दीपक कुमार झा, रंजन कुमार पांडेय, शैलेंद्र सिन्हा, मनोज कुमार घोष, सचिव संदीप कुमार, मंतोष कुमार तिवारी, अमरनाथ चौधरी व ज्ञान प्रकाश आदि मौजूद थे।