मरांग गुरु को शैतान बताने वाली महिला का पुतला फूंका
यू-ट्यूब पर लोड किए गए एक गीत में आदिवासियों के ईष्ट देव मरांग बुरु को शैतान कहकर संबोधित करने का आरोप लगाते हुए शनिवार को दिसोम मांझी थान जाहेरथान समिति के सदस्य व आदिवासी छात्रों ने पोखरा चौक पर ट्रिनिटी प्रोडक्शन की मेरी हांसदा का पुतला दहन किया।
जागरण संवाददाता, दुमका: यू-ट्यूब पर लोड किए गए एक गीत में आदिवासियों के ईष्ट देव मरांग बुरु को शैतान कहकर संबोधित करने का आरोप लगाते हुए शनिवार को दिसोम मांझी थान जाहेरथान समिति के सदस्य व आदिवासी छात्रों ने पोखरा चौक पर ट्रिनिटी प्रोडक्शन की मेरी हांसदा का पुतला दहन किया। बाद में सदस्यों ने साइबर सेल में जाकर कार्रवाई के लिए आवेदन दिया।
दिसोम मांझी बाबा बालेश्वर हेंब्रम ने कहा कि गीत के माध्यम से ईष्ट देव को शैतान कहकर संबोधन किया गया है, जिससे संथाल समाज के लोगों में धार्मिक आघात पहुंचा है। पुतला दहन करने के बाद सभी ने जमकर नारेबाजी की। इसके बाद सभी लोग प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन लेकर नगर थाना गए, लेकिन पुलिस ने उन्हें साइबर सेल भेज दिया। वहां सदस्यों ने प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया। बालेश्वर ने कहा कि अगर मेरी हांसदा के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज नहीं होती है तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। किसी भी हाल में अपने देव का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुतला दहन करने वालों में सुभाष चंद्र सोरेन, अजीत कुमार टुडू, राजीव बास्की, अमर मरांडी, सुभाष मुर्मू, अभिनंदन मुर्मू व रोहित मुर्मू के अलावा कई छात्र व सदस्य शामिल थे।