जुलूस निकाल दिया अमन व शांति का पैगाम
दुमका हजरत पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्म की खुशी में रविवार को मिलादुन्नबी पर समुदाय के लोगों ने जुलूस निकालकर शांति और प्रेम का पैगाम दिया। हालांकि इस बार प्रशासन की पहल पर समुदाय के लोगों ने जुलूस में डीजे का इस्तेमाल नहीं किया।
दुमका : हजरत पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्म की खुशी में रविवार को मिलादुन्नबी पर समुदाय के लोगों ने जुलूस निकालकर शांति और प्रेम का पैगाम दिया। हालांकि इस बार प्रशासन की पहल पर समुदाय के लोगों ने जुलूस में डीजे का इस्तेमाल नहीं किया।
जुलूस को लेकर शनिवार की शाम से ही समुदाय के लोगों के उत्साह देखनेवाला था। हर मस्जिद में रौनक थी। सुबह आठ बजते ही लोग सड़क पर उतर आए। कोई जीप पर था तो कोई बाइक पर था। बड़ी संख्या में युवा बाइक लेकर जिदाबाद के नारे लगा रहे थे।
जुलूस को देखते हुए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। डीएसपी रैंक के पदाधिकारी के साथ थानेदार देवव्रत पोद्दार जुलूस में पूरी सतर्कता के साथ चल रहे थे। शहर में हजारों की संख्या में समुदाय के लोगों ने जुलूस निकाल खुशी का इजहार किया। भीड़ के कारण करीब आधे घंटे तक टीन बाजार चौराहा पर जाम सा नजारा था। हर कोई पैगंबर जिदाबाद के नारे लगा रहा था।
मुस्लिम समुदाय के इस त्योहार को पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्म की खुशी में मनाया जाता है। सुबह विभिन्न मस्जिद से जुलूस के साथ गांधी मैदान पहुंचे। जुलूस में बच्चों के अलावा किशोरी और सभी आयु के लोग शामिल थे। गांधी मैदान में सभा को संबोधित करते हुए समुदाय के प्रमुख लोगों ने अमन व शांति का पैगाम दिया। यहां से जुलूस नीचे बाजार के रास्ते टीन बाजार चौक पहुंचा। जुलूस में लोग नए कपड़े पहनकर अल्लाह के नाम का नारा लगाकर खुशी का इजहार कर रहे थे। सुरक्षा के लिए एसडीओ राकेश समेत पुलिस के पदाधिकारी पूरी तरह से मुस्तैद थे। चौक चौराहों पर भी सुरक्षा के लिए जवान तैनात किए गए थे। जुलूस में मोहम्मद नसीम, परवेज, रोशन अली, जहांगीर, महमूद अंसारी, इस्लाम, कुर्बान, फूदी हुसैन, मो. शौकत, महमूद, शेख संजू, कैफ, मो. शमीम, सलाम अंसारी, अजमेर खान व मुबारक आदि शामिल थे।
--
ग्रामीण इलाकों में जमकर मनाई खुशी
दुमका : शिकारीपाड़ा में नबी साहब का जन्मदिन काफी धूमधाम से मनाया गया। प्रखंड के कोल्हाबदार, ढेबाडीह, मंझलाडीह, ढाका एवं सोनाढाब सरसडंगाल से गाजे-बाजे के साथ मोटरसाईकिल एवं चार पहिया वाहन से जुलूस निकालकर पिनरगड़िया में जमा हुए। यहां पर मिलाद का आयोजन किया गया। जुलूस को शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए केवल जगह-जगह पर पुलिस पदाधिकारी पुलिस बल के साथ तैनात थे लेकिन दंडाधिकारी ड्यूटी पर नहीं थे। पुलिस निरीक्षक संजय मालवीय पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में गश्त करते रहे। मसलिया प्रखंड क्षेत्र के मुस्लिम बहुल गांवों में त्योहार को धूमधाम से मनाया गया। छैलापथर, गुमरो, खूटोजोरी, बड़ा डुमरिया, हतियापाथर, सहित कई गांवों में सौहार्द व शांति के बीच जन्मदिन मनाया गया। छैलापथर के चिताई टोला में जुलूस निकाला गया। रानीश्वर के लकड़ाघाटी, टोंगलपाड़ा आदि जगहों से जुलूस निकाला गया। सभी लोग जुलूस के साथ पथरा गांव के मदरसा पहुंचे और एक दूसरे को बधाई देकर शांति व प्रेम का संदेश दिया।