गोडडा कालेज की प्रोफेसर को बर्खास्तगी को अड़े छात्र
विश्वविद्यालय में पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ किया प्रदर्शन फोटो-
विश्वविद्यालय में पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ किया प्रदर्शन
फोटो-8
जागरण संवाददादाता, दुमका : सोहराय पर्व में फेसबुक पर विवादित टिप्पणी करने वाली गोड्डा कालेज की प्रोफेसर रजनी मुर्मू का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। छात्र नेता और छात्राएं उनकी बर्खास्तगी के लिए अड़े हैं। शुक्रवार को छात्र व छात्राओं ने इसी मांग को लेकर सिदो कान्हु विश्वविद्यालय में पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने बर्खास्त करने की मांग की। डुगडुगी व वाद्य यंत्रों के साथ प्रदर्शनकारियों का कहना था कि रजनी मुर्मू ने सोहराय के बारे में जो विवादित टिप्पणी की है, उससे संताल समुदाय शर्मसार हुआ है। वे गोड्डा कालेज में समाजशास्त्र विभाग में सहायक प्रोफेसर हैं। बर्खास्त करने की मांग लेकर पूर्व में भी विवि में प्रदर्शन किया है। छात्र नेता श्यामदेव हेम्ब्रम ने कहा कि इतना सब होने के बाद भी रजनी मुर्मू आए दिन कोई न कोई कालेज एवं विश्वविद्यालय को लेकर नई पोस्ट करती रहती हैं। कालेज, विश्वविद्यालय एवं छात्र छात्राओं को बदनाम किया जा रहा है। यह उनका बहुत बड़ा षड्यंत्र है। जिस तरह से उन्होंने समाज मे रहकर सोहराय पर्व को लेकर जो टिप्पणी की, वह बहुत ही शर्मनाक है। छात्रा प्रिया सोनाली हेंब्रम ने कहा कि सभी छात्रा कई सालों से कालेज में सोहराय पर्व मनाते आ रही हैं। ऐसा कभी कुछ भी नहीं हुआ है। रजनी मुर्मू का सोहराय पर्व वाला बयान बहुत ही दुखदायक है। यहां बता दें कि मामला संज्ञान में आने के बाद विश्वविद्यालय ने जांच के लिए कमेटी बनाई है। हालांकि अभी जांच रिपोर्ट नहीं आई है। रिपोर्ट के आधार पर प्रोफेसर पर कार्रवाई हो सकती है। विरोध करने वालों में मांझी थान के बालेश्वर हेम्ब्रम, मुखिया चंद्र मोहन हांसदा, राजीव बास्की, ठाकुर मुर्मू व केराप मुर्मू आदि छात्र नेता शामिल थे।
--
अभी जांच चल रही है। जब तक रिपोर्ट नहीं आती है, तब तक कुछ कहना सही नहीं होगा। जांच समिति अपना काम कर रही है। जो रिपोर्ट में आएगा, उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- प्रो. सोनाझरिया मिज, कुलपति एसकेएमयू