रोजगार सेवक ने लगाई फांसी, एसपी ने कहा- सरकारी काम के दबाव जैसी कोई बात नहीं Dumka News
कठलिया पंचायत के रोजगार सेवक का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला। इसपर एसपी ने कहा कि पारिवारिक कारण के चलते उसने आत्महत्या की है। सरकारी काम के दबाव जैसी कोई बात नहीं थी।
दुमका, जेएनएन। शनिवार की सुबह नयाडीह के कोलपांज जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ मिला। ग्रामीणों की इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिल ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की पहचान नयाडीह गांव के ओबीधन टुडू (42 साल) के रूप में हुई है। वह मसलिया प्रखंड के कठलिया पंचायत का रोजगार सेवक था। पुलिस ने उसकी जेब से डेढ़ पेज का एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है।
मृतक की पत्नी रंजीता सोरेन ने बताया कि सुबह छह बजे वे घर से टहलने की बात कहकर निकले थे। काफी देर के बाद भी जब घर नहीं लौटे तो खोजबीन की गई। इसी क्रम में जंगल में मवेशी चरा रहे बच्चों से पता चला कि एक युवक का शव पेड़ से लटक रहा है। वहां जाकर देखा तो पेड़ से पति ओबीधन टुडू का शव लटक रहा था।
परिवार के साथ काफी खुशहाल था ओबीधन
बता दें कि ओबीधन अपने ससुराल नवासार में अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ रह रहा था। हाल ही गोलबंधा पंचायत से स्थानांतरित होकर कठलिया पंचायत में रोजगार सेवक के रूप में योगदान किया। बताया जाता है कि वह परिवार के साथ काफी खुशहाल था।
सरकारी काम का दबाव नहीं
दुमका एसपी वाईएस रमेश का कहना है कि पारिवारिक कारण के चलते रोजगार सेवक ने आत्महत्या की है। सरकारी काम के दबाव जैसी कोई बात नहीं थी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि युवक की जेब में मिले सुसाइड नोट का अध्ययन किया जा रहा है। पुलिस ने यूडी केस दर्ज किया है।