बाइक की भिड़ंत में एक की मौत, दो घायल
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धोबना गांव के समीप शुक्रवार की देर शाम दो बाइक की टक्कर में 30 वर्षीय दिनेश सोरेन की मौत हो गई वहीं एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए। महिला बालेगिदो बास्की का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है और घायल अशोक मुर्मू को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया।
- महिला मेडिकल कालेज में, दूसरा युवक धनबाद रेफर
- धोबना गांव के पास दोनों बाइकों की हुई भिड़ंत
जागरण संवाददाता, दुमका : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धोबना गांव के समीप शुक्रवार की देर शाम दो बाइक की टक्कर में 30 वर्षीय दिनेश सोरेन की मौत हो गई, वहीं एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए। महिला बालेगिदो बास्की का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है और घायल अशोक मुर्मू को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया। शनिवार को दिनेश सोरेन के शव का पोस्टमार्टम किया गया। जिसके बाद उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
थाना प्रभारी नवल किशोर सिंह ने बताया कि काठीकुंड के कोल्हा गांव का रहने वाला दिनेश सोरेन बाइक से पंजनबोना अपने ससुराल पत्नी व बच्चे से मिलने जा रहा था। वहीं जामकांदर की रहने वाली महिला गांव के युवक अशोक के साथ शिकारीपाड़ा से घर लौट रही थी। धोबना गांव के समीप दोनों बाइक की आमने सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल दूसरी बाइक सवार महिला व युवक को इलाज के लिए मेडिकल कालेज लाया गया। रात में अशोक को बेहतर इलाज के लिए धनबाद भेज दिया गया। बताया कि दिनेश के घर का पता नहीं चलने पर शव को थाना लाया गया। शनिवार की सुबह परिवार के लोगों ने आकर शिनाख्त की। दोनों बाइक को जब्त कर लिया गया है। घायल महिला के बयान पर मामला दर्ज किया गया है।