बंटवारा हो चुका है तो पूर्वजों की जमीन करा सकते अपने नाम
जरमुंडी प्रखंड मुख्यालय के सभागार में सोमवार को ग्राम प्रधान मांझी संगठन की प्रखंड स्तरीय बैठक महादेव यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य रूप से अंचल निरीक्षक मनोज कुमार मौजूद थे।
संवाद सहयोगी, बासुकीनाथ: जरमुंडी प्रखंड मुख्यालय के सभागार में सोमवार को ग्राम प्रधान मांझी संगठन की प्रखंड स्तरीय बैठक महादेव यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य रूप से अंचल निरीक्षक मनोज कुमार मौजूद थे।
जरमुंडी प्रखंड के विभिन्न गांवों से आए नायकी, कुडूम नायकी, पराणिक, जोगमांझी व प्रधानों ने भाग लिया। मौके पर मौजूद जरमुंडी के अंचल निरीक्षक मनोज कुमार ने पीढ़ी दर पीढ़ी रैयतों के पूर्वजों के चले आ रहे नाम को वर्तमान रैयत के नाम पर हस्तांतरित करने की प्रक्रिया को लेकर ग्राम प्रधानों को विस्तार से जानकारी दी। कहा कि रैयत के वर्तमान वंशज आपस में समन्वय बनाकर व बंटवारा के कागजात बनाकर न्यायालय से उत्तराधिकारी अपना-अपना बंटवारा दिखाकर म्यूटेशन में अपना नाम चढ़ा सकते हैं। अंचल निरीक्षक ने उपस्थित ग्राम प्रधानों को अपने-अपने कार्य क्षेत्र में जिम्मेदारी व जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। बैठक में संगठन प्रखंड अध्यक्ष महादेव यादव ने उपस्थित सभी ग्राम प्रधानों को ग्राम सभा को मजबूत करने का निर्देश दिया। प्रत्येक माह की निर्धारित तिथि को ग्राम में बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया।
ग्रामसभा सशक्त होगी तो पंचायत चुनाव की जरूरत ही नहीं पड़ेगी: महादेव यादव ने कहा कि ग्रामसभा को सशक्त बनाने से पंचायत चुनाव की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। ग्राम के विकास की योजना ग्रामीण स्तर पर ग्रामीणों की सहमति से ही तैयार हो जाएगी। उपस्थित ग्राम प्रधानों को अधिक से अधिक मालगुजारी कराने की बात कही। इसके अलावा ऑफलाइन मालगुजारी वसूली के अलावा साथ साथ जल, जंगल और जमीन की देखभाल को लेकर ग्राम प्रधानों को उत्तरदायित्व एवं कर्तव्यबोध कराया गया। महादेव यादव ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि सभी किसानों का कृषि ऋण पूरी तरह माफ किया जाए। इसके अलावा किसानों को इस वर्ष खेती में हुए नुकसान की भरपाई के लिए उन्हें पटवन में लगे बिजली बिल की माफी के अलावा पुराने जल जहान योजना से निर्मित पुराने कूप की मरम्मत कराई जाए।
महादेव यादव ने कहा कि पूर्व की भांति सभी ग्राम प्रधानों को ग्राम सभा का अधिकार मिले। महादेव यादव ने कहा कि गांव के विकास को लेकर होने वाली ग्राम सभा की बैठक में ग्राम प्रधान की उपस्थिति अनिवार्य की जानी चाहिए। इस मौके पर ग्राम प्रधानों को अपने-अपने क्षेत्र के ग्रामीणों व किसानों के साथ बैठक कर उन्हें आधुनिक तकनीक व जैविक पद्धति से खेती करने का निर्देश दिया गया। कहा कि जिन लेखा होड़ के द्वारा संगठन के पास कागजात जमा नहीं किया गया है। वह अपना कागज यथाशीघ्र जमा कर दें।
बैठक में मुख्य रूप से मुंशी बास्की, रेला मुर्मू, चुन्नीलाल मुर्मू, लखीराम, बेजुन टुडू, अशोक मंडल, बटेश्वर किस्कू, संजय यादव, बबलू मरांडी, हराधन हेंब्रम, गुलु टुडू, सूर्यमुनि हांसदा, परमेश्वर हेंब्रम, मंगल सोरेन, मनिशल सोरेन, देवीसल सोरेन, सुनील किस्कू, सहदेव टुडू, राजेंद्र राय, बबलू मरांडी, धुव्रा सोरेन, रवींद्र हेम्ब्रम, पांडे सोरेन, बटेश्वर किस्कू सहित दर्जनों अन्य नायकी, कूडूम नाइकी, पराणिक, जोगमांझी, ग्राम प्रधान मौजूद थे।