मास्क नहीं लगानेवालों से शहर में वसूले दो हजार, जरमुंडी में दी चेतावनी
मिनी लॉकडाउन के बाद भी लोग नियमों का उल्लंघन कर सड़कों पर धड़ल्ले से घूम रहे। ऐसे लोगों पर सख्ती के लिए गुरुवार को शहर में अभियान चलाकर मास्क नहीं पहनने वालों से दो हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
जागरण संवाददाता, दुमका: मिनी लॉकडाउन के बाद भी लोग नियमों का उल्लंघन कर सड़कों पर धड़ल्ले से घूम रहे। ऐसे लोगों पर सख्ती के लिए गुरुवार को शहर में अभियान चलाकर मास्क नहीं पहनने वालों से दो हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। वहीं जरमुंडी में चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
नगर थाना के सहायक अवर निरीक्षक मुश्ताक आलम ने करीब तीन घंटे तक गांधी मैदान के समीप सघन जांच की। इस दौरान बिना मास्क के बाइक चलाने वालों से दो हजार रुपया जुर्माना वसूला गया। वहीं अनदेखी करने वाले वाहन चालकों को चेतावनी दी गई।
--------------------
जरमुंडी बाजार में बंद रहीं दुकानें
संवाद सहयोगी, बासुकीनाथ: मिनी लॉकडाउन में गुरुवार को जरमुंडी बाजार क्षेत्र की अधिकांश दुकानें प्रशासन की सख्ती को लेकर स्वत: स्फूर्त बंद रहीं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की लापरवाही दिखी। प्रखंड विकास पदाधिकारी फुलेश्वर मुर्मू, जरमुंडी थाना प्रभारी अतिन कुमार व अन्य पुलिस पदाधिकारी द्वारा चलाए गए संयुक्त अभियान में जरमुंडी एवं बासुकीनाथ बाजार की अधिकांश दुकानें बंद मिलीं। दुमका-देवघर मुख्य मार्ग पर हरिपुर मोड़ के समीप मास्क जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य सबसे अपनी-अपनी दुकानें निर्धारित समय के बाद बंद करने व अनावश्यक घरों से बाहर न निकलने, मास्क का इस्तेमाल करने को लेकर सख्त चेतावनी दी गई।