अवैध पत्थर लदा ट्रैक्टर वन विभाग ने किया जब्त
रामगढ़ रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बंदरजोड़ा पंचायत के बंदरजोड़ा गांव में गुरुवार की सुबह वन विभाग की टीम ने बंदरजोड़ा पहाड़ से ला रहे अवैध पत्थर को ट्रैक्टर समेत जब्त किया है।
रामगढ़ : रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बंदरजोड़ा पंचायत के बंदरजोड़ा गांव में गुरुवार की सुबह वन विभाग की टीम ने बंदरजोड़ा पहाड़ से ला रहे अवैध पत्थर को ट्रैक्टर समेत जब्त किया है। जानकारी के अनुसार किसी व्यक्ति द्वारा जिला वन पदाधिकारी को यह सूचना दी गई कि बंदरजोड़ा से वन विभाग की भूमि से पत्थर का अवैध उत्खनन कर इसे आसपास की सभी सरकारी योजनाओं में लगाया जा रहा है। प्रतिदिन बंदरजोड़ा समेत आसपास के कई गांव के ग्रामीण सुबह पांच बजे तक ही इस अवैध पत्थर की ढुलाई ट्रैक्टर के माध्यम से करते हैं। गुरुवार को भी ट्रैक्टर से पत्थर की ढुलाई की जा रही थी। जब वन विभाग के फोरेस्टर गुरुवार की सुबह पांच बजे अपनी पूरी टीम के साथ बंदरजोड़ा पहाड़ के पास पहुंची तो वहां पर बंदरजोड़ा गांव के रामावतार साह की ट्रैक्टर से अवैध पत्थर की ढुलाई की जा रही थी। चालक ट्रैक्टर लेकर भगाने का असफल प्रयास किया, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो सके। चालक ट्रैक्टर को उसी जगह पर खड़ी कर भाग निकला। इसके बाद वन विभाग की टीम ट्रैक्टर को जब्त कर दुमका ले गई। फोरेस्टर अजीत सिंह ने बताया कि वन अधिनियम की धारा के तहत रामावतार साह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सूत्रों की मानें तो बंदरजोड़ा पहाड़ से इन दिनों प्रतिदिन अवैध पत्थर की ढुलाई की जाती है। इससे सरकार को लाखों रुपये का राजस्व का नुकसान होता है। बंदरजोड़ा गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा वन विभाग के नाम पर सभी ट्रैक्टर से अवैध वसूली भी की जाती है। ग्रामीणों ने बंदरजोड़ा पहाड़ से अवैध पत्थर का उत्खनन पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग वन विभाग के अधिकारियों से की है।