आरक्षण नहीं तो वोट नहीं का फैसला जल्द
सरैयाहाट अखिल भारतीय आदिम जनजाति समूह संघर्ष मोर्चा का 20 वां स्थापना दिवस सरैयाहाट के गुरुनाथ पहाड़ी मैदान शुक्रवार को मनाया गया।
सरैयाहाट : अखिल भारतीय आदिम जनजाति समूह संघर्ष मोर्चा का 20 वां स्थापना दिवस सरैयाहाट के गुरुनाथ पहाड़ी मैदान शुक्रवार को मनाया गया। जिसमें भारी संख्या में भुईयां घटवाल समुदाय के लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के पूर्व स्थापना दिवस में शामिल भूईयां घटवाल समुदाय के लोगों द्वारा अपने पारंपरिक हथियार तलवार, ढाल, बल्लम, बर्छा एवं नगाड़े से लैस होकर रोष पूर्ण रैली निकाली गई। रैली में आरक्षण नहीं तो वोट नहीं का नारे लगा रहे थे। रैली कार्यक्रम स्थल से निकल कर मुख्य सड़क होते हुए प्रखंड कार्यालय पहुंच कर कार्यालय का घेराव कर कार्यक्रम स्थल पहुंची। मोर्चा का झंडारोहण कर कार्यक्रम का शुरूआत की गई। मोर्चा के केंद्रीय महामंत्री रामप्रवेश राय ने कहा कि भूईयां घटवाल वास्तव में भूमिज की उपजाति है। यह एक राजनीतिक षडयंत्र का नतीजा है कि भूमिज को आज तक वर्गीकृत नहीं किया गया। जिसके कारण भूमिज को आदिवासी का दर्जा प्राप्त नहीं हो सका है। भूमिज की उपजातियों में भूईयां घटवाल, सूर्यवंशी आदि जातियां आती हैं। लेकिन दुख की बात है कि एसटी का दर्जा तो दूर अभी तक यह जाति किस श्रेणी में आता है। यह सरकारी मुलाजिमों को पता नहीं है। जिसके कारण अभी तक जाति प्रमाणपत्र निर्गत नहीं किया जाता है। इसके लिए वर्षो से भूईयां घटवाल समुदाय आंदोलन करते आ रही है। फिर भी सरकार आरक्षण देने में आनाकानी कर रही है। अब आंदोलन का अंतिम रूप अख्तियार किया जाएगा। जिसमें इस लोकसभा चुनाव में आरक्षण नहीं तो वोट नहीं करने का फैसला समुदाय के लोग लेंगे। केंद्र एवं राज्य सरकार दोनों ही भूईयां घटवाल को मूर्ख बना रही है। वहीं राजनीतिक दल इस जाति को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करते आ रही है। जो अब नहीं होनेवाला है। सरकार सिर्फ आश्वासन देकर बात को टाल देती है। अब करो या मरो का आंदोलन होगा। जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। कार्यक्रम में संगठन के वरिष्ठ नेता मनभरण राय, गिरिजानंद राय, नंदकिशोर सिंह, त्रिलोचन सिंह, राम प्रसाद सिंह, बिजेंद्र सिंह सहित साहिबगंज, धनबाद, देवघर, दुमका आदि जगहों से आए घटवाल समुदाय के लोग काफी संख्या में उपस्थित थे।