खस्सी खरीदने उमड़ी भीड़, चेतावनी पर सहमी
कोरोना मरीजों की रोज बढ़ रही संख्या के बाद भी लोग नियमों का पालन करने के लिए अभी तक गंभीर नहीं हुए हैं। शुक्रवार को गांधी मैदान में खस्सी खरीदने को उमड़ी भीड़ ने शारीरिक दूरी की धज्जियां उड़ा दी।
जागरण संवाददाता, दुमका: कोरोना मरीजों की रोज बढ़ रही संख्या के बाद भी लोग नियमों का पालन करने के लिए अभी तक गंभीर नहीं हुए हैं। शुक्रवार को गांधी मैदान में खस्सी खरीदने को उमड़ी भीड़ ने शारीरिक दूरी की धज्जियां उड़ा दी। सूचना मिलने के बाद सीओ मौके पर पहुंची और माइक को चेतावनी देकर शारीरिक दूरी का पालन कराया।
दरअसल हर शुक्रवार को हटिया में खस्सी व पाठा खरीदने के लिए भीड़ उमड़ती है। कोरोना की वजह से हटिया को गांधी मैदान में शिफ्ट कर दिया गया। वैसे रोज यहां सब्जी खरीदने के लिए लोग आते हैं लेकिन शुक्रवार को काफी लोग आते हैं। सुबह सात बजे से लोगों की भीड़ लगने लगी थी। दो घंटे में पूरा मैदान लोगों से भर गया। इसमें बहुत से बिना मास्क के थे और कोई भी शारीरिक दूरी का पालन नहीं कर रहा था। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस भी नहीं थी। करीब नौ बजे सूचना मिलने के बाद सीओ यामुन रविदास मौके पर पहुंचे और भीड़ देखकर आवाक रह गए। हर किसी के बीच जाकर समझाना संभव नहीं था, इसलिए माइक थामकर लोगों को चेताया। कहा कि अगर शारीरिक दूरी का पालन नहीं किया गया तो सभी पर कार्रवाई की जाएगी। इस चेतावनी के बाद दुकानदार और लोगों ने एक दूसरे से दो गज की दूरी बनाई।