रांची में होगी फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन की बैठक
फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन की प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक बसंत पंचमी के बाद रांची में होगी। इसकी जानकारी देते हुए एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष ओंकारनाथ झा ने कहा कि कोरोना वायरस के कारण लागू हुए लॉकडाउन के बाद पहली बार प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक का आयोजन किया जाएगा।
संवाद सहयोगी, रामगढ़ : फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन की प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक बसंत पंचमी के बाद रांची में होगी। इसकी जानकारी देते हुए एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष ओंकारनाथ झा ने कहा कि कोरोना वायरस के कारण लागू हुए लॉकडाउन के बाद पहली बार प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक का आयोजन किया जाएगा। बैठक में राज्य में कार्यरत 25 हजार से अधिक जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को खाद्यानों में मिलने वाली कमीशन में वृद्धि, एक निश्चित आय के लिए मानदेय के निर्धारण सहित अन्य विषयों पर सरकार से वार्ता के लिए रणनीति बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री द्वारा आश्वासन देने के बाद भी आजतक एसोसिएशन की मांग पर कोई पहल नहीं की गई है। इसके कारण डीलरों में निराशा का भाव पैदा हो रहा है। डीलरों ने अपनी जान की परवाह किए बिना लॉकडाउन अवधि में 57 लाख परिवारों के बीच केंद्र एवं राज्य सरकार के खाद्यान्न का वितरण किया गया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष समेत सात डीलरों ने अपनी जान भी गंवा दी। लेकिन इन्हें भी राज्य सरकार की ओर से आजतक कोई मुआवजा नहीं दिया गया। राज्य में टू जी इंटरनेट की व्यवस्था के कारण डीलरों और लाभुकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यदि राज्य सरकार जल्द ही सभी दुकानों तक फोर जी इंटरनेट सुविधा मुहैया नहीं कराती है तो आने वाले दिनों में वितरण पर सवाल उठ सकता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष डीलरों का महासम्मेलन आयोजित की जाएगी जिसमें राज्य के सभी जिलों से डीलर भाग लेंगे।