मत्स्यजीवी सहयोग समिति के अध्यक्ष बने उपकेश
सरैयाहाट प्रखंड मत्स्यजीवी सहयोग समिति का चुनाव रविवार को हुआ। मतदान के बाद शाम में परिणाम घोषित कर दिया गया। मत्स्यजीवी सहयोग समिति के अध्यक्ष पद के लिए उपकेश मांझी एवं मंत्री पद के लिए विश्वनाथ मांझी को मतों की गिनती के उपरांत विजयी घोषित किया गया।
संवाद सहयोगी, हंसडीहा: सरैयाहाट प्रखंड मत्स्यजीवी सहयोग समिति का चुनाव रविवार को हुआ। मतदान के बाद शाम में परिणाम घोषित कर दिया गया। मत्स्यजीवी सहयोग समिति के अध्यक्ष पद के लिए उपकेश मांझी एवं मंत्री पद के लिए विश्वनाथ मांझी को मतों की गिनती के उपरांत विजयी घोषित किया गया। प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी सह चुनाव प्रभारी अजित कुमार सिंह ने दोनों के नामों की विधिवत घोषणा की।
इसके पूर्व सुबह से ही प्रखंड मत्स्यजीवी सहयोग समिति के सदस्य मतदान के लिए हंसडीहा स्थित ग्रीन गोला परिसर में जुट गए थे। थाना प्रभारी आकृष्ट अमन व एसआइ उत्तम पासवान भी विधि-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सशस्त्र बल के साथ तैनात थे। मत्स्यजीवी सहयोग समिति के कुल मतों में 181 सदस्यों ने मतदान किया, जिसमें अध्यक्ष पद के लिए उपकेश मांझी को कुल 79 मत प्राप्त हुए।
उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी राजू मांझी को 43 मतों से शिकस्त दी, जबकि मंत्री पद के लिए विश्वनाथ मांझी ने करीबी प्रतिद्वंद्वी होरिल मांझी को 65 मतों से हराया। परिणामों की घोषणा के बाद मतगणना केंद्र के बाहर खड़े कोई अबीर-गुलाल लगाकर खुशी का इजहार करते नजर आए तो वहीं हारे हुए प्रत्याशियों के समर्थक गम में डूब गए। इससे पूर्व चुनाव आरंभ होते ही मतदाता सूची में हेरफेर देख मतदाताओं ने जमकर बवाल किया। मतदाताओं का कहना था कि पूर्व में 196 लोगों का नाम सूची में थी, लेकिन आज सिर्फ 177 लोगों का नाम दिख रहा है। बाद में लोगों को शांत करने के लिए निर्वाची पदाधिकारी ने पूर्व के मतदाता सूची के आधार पर वोटिग कराने की सहमति दी। चुनाव परिणाम आने के बाद भी एक हारे हुए प्रत्याशी के समर्थकों ने मतगणना में हेराफेरी किए जाने का आरोप लगाते हुए दोबारा मतगणना करने की मांग की लेकिन निर्वाची पदाधिकारी ने जीते प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र देकर चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कर दिया। इस चुनाव में अध्यक्ष और मंत्री पद के लिए चार-चार उम्मीदवार मैदान में थे।