खरीफ के खेती के लिए खेत तैयार करने में जुट जाएं किसान
संवाद सहयोगी बासुकीनाथ (दुमका)
खरीफ के खेती के लिए खेत तैयार करने में जुट जाएं किसान
संवाद सहयोगी, बासुकीनाथ (दुमका): जरमुंडी प्रखंड स्थित आत्मा कार्यालय में प्रखंड तकनीकी प्रबंधक समरेंद्र सिन्हा कि अध्यक्षता में कृषक मित्रों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में बीटीएम ने प्रखंड क्षेत्र के किसानों को खरीफ की खेती के लिए लैंप्स के माध्यम से 50 फीसदी अनुदानित दर पर बीज प्राप्त करने के लिए निबंधन कराने को कहा। उन्होंने कहा कि जरमुंडी प्रखंड क्षेत्र के किसान अनुदानित दर पर बीज प्राप्त करने के लिए शीघ्रता से निबंधन कराएं। किसानों को यह भी सलाह दी गई कि खरीफ फसल की खेती के लिए प्रारंभिक तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि खेतों की जोताई करने से खरपतवार नष्ट होगा। भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ेगी एवं फसलों में कीट व्याधि का भी प्रकोप कम होगा। उन्होंने बीज उपचार करने को लेकर किसानों को इसकी तकनीक की जानकारी दी। बैठक में एटीएम नंदलाल मंडल, कृषक मित्र मुकेश मिश्रा, अजय कुमार वैद्य, मंसू मरांडी, दिलीप मंडल समेत कई मौजूद थे।
जैविक तरीके से सब्जी की खेती करें किसान : जरमुंडी प्रखंड के आत्मा भवन में बीटीएम समरेंद्र सिन्हा के द्वारा किसानों को वैज्ञानिक व आधुनिक पद्धति से सब्जी उत्पादन व आर्थिक उन्नयन की बात बताई गई। उन्होंने किसानों को खेत की तैयारी, बीजोपचार, सब्जी लगाने हेतु बिचड़ा प्रबंधन विषयों पर विस्तार पूर्वक जानकारी दी। इसके साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि विभाग की अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। किसानों को खाद एवं उर्वरक प्रबंधन के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। उन्होंने किसानों को रासायनिक खाद के दुष्प्रभाव के बारे में बताते हुए जैविक खाद का इस्तेमाल करने की बात कही। समरेंद्र ने आत्मा के द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी देते हुए किसानों को इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड बनवाने, खेत की मिट्टी के अनुसार फसल लगाने के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर मौजूद सहायक तकनीकी प्रबंधक नंदलाल मंडल, कृषक मित्र एवं किसान मौजूद थे।