महिलाओं की सुरक्षा के लिए हाट के समय में हो बदलाव
महिलाओं के साथ बढ़ती हिसा और सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता को समुचित सहायता दिलाने के लिए शुक्रवार को महिला सुरक्षा मंच की अध्यक्ष सह जिला परिषद अध्यक्ष जॉयस बेसरा ने उपायुक्त राजेश्वरी बी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
जागरण संवाददाता, दुमका: महिलाओं के साथ बढ़ती हिसा और सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता को समुचित सहायता दिलाने के लिए शुक्रवार को महिला सुरक्षा मंच की अध्यक्ष सह जिला परिषद अध्यक्ष जॉयस बेसरा ने उपायुक्त राजेश्वरी बी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
अध्यक्ष ने उपायुक्त से कहा कि घासीपुर की घटना ने पूरे राज्य को शर्मसार किया है। यह पहली घटना नहीं है। हाल के दिन में लगातार इस तरह की घटना बढ़ रही हैं। महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। सुरक्षा के लिए बने कानून का जिले में असर नहीं पड़ रहा है। कहा कि सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता की आर्थिक स्थिति खराब है। सरकार की ओर से तुरंत मुआवजा दिलाया जाए। उसके पुनर्वास की व्यवस्था की जाए, ताकि वह सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सके। फास्ट ट्रैक कोर्ट से फैसला कराकर दोषियों को फांसी की सजा दिलाई जाए। उसकी सुरक्षा की जाए। कहा कि इस तरह की घटनाओं की सबसे बड़ी वजह हाट यानी गांव का बाजार है। ज्यादातर हाट देर शाम तक चलते हैं। महिलाएं सामान खरीदने व बेचने के लिए आती हैं। शाम होने पर घटना की संभावना बनी रहती है। हाट के लिए दिन का समय निर्धारित किया जाए। हाट व खेल मैदान के आसपास शराब की बिक्री बंद कराई जाए। बाखड़ पर प्रतिबंध लगाया जाए और गांव व टोला में शराब बेचने वाले परिवार की पहचान कर वैकल्पिक व्यवसाय की व्यवस्था की जाए। उपायुक्त ने उन्हें आश्वासन दिया कि प्रशासन महिला के प्रति गंभीर है। उनकी मांग पर जल्द ही सकारात्मक कदम उठाया जाएगा। मिलने वालों में मार्था हांसदा व राजीव बास्की मुख्य थे।