छत्तीसगढ़ की युवती ने फेसबुक दोस्त से रचाई शादी
संस सरैयाहाट (दुमका) छत्तीसगढ़ की 21 वर्षीय युवती ऋचा सोनी को फेसबुक के माध्यम से सरैय

संस, सरैयाहाट (दुमका) : छत्तीसगढ़ की 21 वर्षीय युवती ऋचा सोनी को फेसबुक के माध्यम से सरैयाहाट के केंदुआ गांव के सोनू कुमार झा से ऐसा प्यार हुआ कि शादी करने के लिए दौड़ी चली आई। शुक्रवार को गोड्डा के सिंहेश्वरी मंदिर में शादी रचाने के बाद शनिवार को सरैयाहाट थाना जाकर सुरक्षा की गुहार लगाई। थाना प्रभारी ने सुरक्षा के साथ युवती को उसके ससुराल भेज दिया। युवक के पिता पुत्र व बहू को इज्जत के साथ घर ले गए।
छत्तीसगढ़ राज्य के सरगुजा जिला के सीतापुर की रहने वाली ऋचा ने बताया कि सोनू व उसके बीच तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है। पहले फेसबुक के माध्यम से दोस्ती हुई। इसके बाद दोनों एक दूसरे से प्यार करने लगे। एक दूसरे के बिना नहीं रहने की कसम खाई। इस बीच घरवालों को इसकी भनक लग गई। घर वाले प्रताड़ित करने लगे। फोन छीन लिया गया। फिर भी चोरी छीपे सोनू से बात करती रही। इस बीच उसके पिता कहीं और उसकी शादी की तैयारी करने लगे। लेकिन उसने साफ कहा कि शादी करेगी तो सोनू से। किसी से शादी कराई तो जान दे देगी। घर वालों पर धमकी का कोई असर नहीं हुआ। लड़का वाले देखने आने ही वाले थे कि सोनू से बात कर घर से भागने का प्लान बनाया। सोनू भी तैयार हो गया। वह उसे लाने के लिए छत्तीसगढ़ आया और दोनों 20 जनवरी को छत्तीसगढ़ से भागकर पहले गोड्डा आए। यहां पर सिंहेश्वरी स्थान में शादी की। सुरक्षा के लिए थाना आना पड़ा। थाना प्रभारी अनुज यादव का कहना है कि दोनों बालिग है। स्वतंत्र जीवन जीने का अधिकार है। शादी के बाद पति पत्नी के रूप में रहना चाहते हैं इसलिए पुलिस की मदद से घर भेज दिया गया है।
Edited By Jagran