तिलका मांझी को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग
केंद्रीय पहाड़िया आदिम जनजाति संघ की ओर से गुरुवार की देर रात इंडोर स्टेडियम में 26 वां वार्षिक महाधिवेशन सह अमर शहीद बाबा तिलका मांझी के 271 वां अवतरण दिवस मनाया गया।
जागरण संवाददाता, दुमका: केंद्रीय पहाड़िया आदिम जनजाति संघ की ओर से गुरुवार की देर रात इंडोर स्टेडियम में 26 वां वार्षिक महाधिवेशन सह अमर शहीद बाबा तिलका मांझी के 271 वां अवतरण दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बतौर मुख्य अतिथि अमरेंद्र कुमार यादव, विशिष्ट अतिथि राधेश्याम वर्मा, एएन कॉलेज के प्राचार्य संजय कुमार सिंह, संदीप कुमार जय बमबम, संघ के केंद्रीय अध्यक्ष मनोज सिंह पहाड़िया, प्रमंडलीय अध्यक्ष दामोदर गृही ने संयुक्त रूप से किया।
इस मौके पर वक्ताओं ने तिलका मांझी के जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग केंद्र सरकार से की। मुख्य अतिथि अमरेंद्र यादव ने कहा कि स्वतंत्र भारत के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी तिलका मांझी हैं, जिन्होंने 1770 से 1785 के बीच अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। विशिष्ट अतिथि राधेश्याम वर्मा ने कहा कि पहाड़िया समाज आदिकाल से इस इलाके में रहते आए है जिसका प्रमाण इतिहास में भी है। कार्यक्रम को प्राचार्य संजय कुमार सिंह, मनोज सिंह पहाड़िया, दामोदर गृही, संदीप कुमार जय बमबम, सौरभ सिन्हा ने भी संबोधित किया।
वहीं शुक्रवार को संघ के प्रतिनिधि मंडल की ओर से 30 सूत्री मांग आयुक्त व उपायुक्त दुमका के माध्यम से राष्ट्रपति को प्रेषित किया गया। कार्यक्रम में ज्योतिष कुमार सिंह, मणिलाल गृही, राजू पुजहर, सुनील पुजहर, संतोष पुजहर, भादु देहरी, महादेव देहरी, श्यामलाल आहड़ी, रामजीवन आहड़ी, मुन्नी देवी, बिदिया पुजहर, पूर्णिमा पुजहर, बिहार, पश्चिम बंगाल समेत कई क्षेत्रों से समुदाय के लोग पहुंचे थे।
गुरुवार की देर शाम प्रारंभ अधिवेशन शुक्रवार की सुबह तक चलता रहा। इस दौरान समुदाय के युवाओं की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किया गया।