काठीजोरिया एकलव्य विद्यालय की छात्रा का राज्य स्तर पर चयन
28वीं नेशनल चिल्ड्रेन साइंस कांग्रेस में दुमका के एकलव्य मॉडल आवासीय बालिका विद्यालय काठीजोरिया की छात्रा अंजू अंगिमा टुडू का प्रोजेक्ट जूनियर (ग्रामीण) वर्ग में प्रथम स्थान पर चयनित किया गया है।
जागरण संवाददाता, दुमका: 28वीं नेशनल चिल्ड्रेन साइंस कांग्रेस में दुमका के एकलव्य मॉडल आवासीय बालिका विद्यालय काठीजोरिया की छात्रा अंजू अंगिमा टुडू का प्रोजेक्ट जूनियर (ग्रामीण) वर्ग में प्रथम स्थान पर चयनित किया गया है। शिक्षिका पुष्पलता कुमारी व जाह्नवी सुमन के मार्गदर्शन में छात्रा अंजू अंगिमा टुडू ने स्टडी ऑफ यूजेज ऑफ सिहोरा प्लांट (टूथ ब्रश ट्री) ड्यूरिग लॉकडाउन पिरियड पद बरमसिया विलेज ऑफ दुमका विषय पर अपना प्रोजेक्ट तैयार किया था।
राज्य स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 30 प्रोजेक्ट शामिल हुए थे, जिसमें सीनियर वर्ग से आठ और जूनियर वर्ग से चार छात्रों के प्रोजेक्ट का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए किया गया है। स्कूल की प्राचार्या करुणा शर्मा ने इस उपलब्धि के लिए छात्रा और स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओंको बधाई दी है। काठीजोरिया विद्यालय की शिक्षिका पुष्पलता कुमारी ने कहा कि सोहरा या सौढ़ा का पेड़ दुमका जिले में बहुतायत पाया जाता है, जिसका ग्रामीण क्षेत्रों में दातुन के रूप में उपयोग किया जाता है। इसी क्रम में टूथ ब्रश एवं पेस्ट की पहुंच में कमी के कारण इस पौधे के बारे में सर्वे कर उसके बारे में अधिक ज्ञान अर्जित करने का ख्याल आया। स्वयं छात्रा के अनुभव ने इसकी उपयोगिता सिद्ध की। इस पौधे की टहनी का ब्रश के रुप में इस्तेमाल करने से दांत और मसूड़े स्वस्थ होते हैं और पायरिया रोग जड़ से ठीक हो जाता है। इस पौधे के साथ ही इसका नियमित उपयोग करनेवाले ग्रामीणों का सर्वे कर अधिक जानकारी प्राप्त कर भविष्य के लिए इसका सतत उपयोग करने को प्रोत्साहित करना ही इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य है।
मौके पर स्कूल इंचार्ज सुखमति सोनार, सुमिता सिंह, रिकी ठाकु, सुजाता झा, रंजू कुमारी, संजीता मरांडी, मरियम, नारायण प्रसाद सिंह, नीतीश रॉय, अनादि गोराय, आकाश मंडल, मृणालिनी, रजनीश सिंह, नेहा आदि शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थे।