जीटा ने की मुख्यमंत्री की तारीफ, कहा-कोरोना काल में दिखा अद्भुत समन्वय
धनबाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की नेतृत्व वाली झारखंड सरकार ने अपना एक साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है। यह समय कोरोना संक्रमण का रहा। लॉकडाउन और उसके बाद की स्थितियों को संभालने के मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की जीटा यानी झारखंड इंडस्ट्री एंड ट्रेड एसोसिएशन ने तारीफ की है।
धनबाद : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की नेतृत्व वाली झारखंड सरकार ने अपना एक साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है। यह समय कोरोना संक्रमण का रहा। लॉकडाउन और उसके बाद की स्थितियों को संभालने के मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की जीटा यानी झारखंड इंडस्ट्री एंड ट्रेड एसोसिएशन ने तारीफ की है। महासचिव राजीव शर्मा ने कहा कि संक्रमण के इस दौरान में भी जहां पूरा देश परेशान था, वहीं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार के साथ अद्भूत समन्वय स्थापित कर यहां के लोगों को सुरक्षित रखने और उन्हें हर सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया। जबकि केंद्र और राज्य में अलग-अलग दिशाओं और विचारों वाली सरकार है। शर्मा ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल के दौरान उद्योग, व्यापार, नागरिक सुविधाओं समेत अन्य में गिरावट देखी गई। इसके बावजूद भी इसे संभालने में झारखंड सरकार सफल रही। उन्होंने उद्योग एवं व्यापार जगत के लिए ऐसी नीतियां बनाने की मांग की जो इन पर बोझ ना हो, बल्कि इनका सहयोग करे। शर्मा ने उत्तर प्रदेश सरकार का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की सरकार ने ऐसे कानून बनाए जो उद्योग जगत के लिए फायदेमंद थे। झारखंड में इसकी आवश्यकता है। झारखंड की कंपनी टाटा उत्तर प्रदेश और चेन्नई में कार्य शुरू कर रही है। टाटा का झारखंड के अलावा दूसरे प्रदेशों में उद्योग धंधे स्थापित करना सोचने वाली बात है। राज्य के लोगों को अपने प्रदेश में ही रोजगार मिले, इसके लिए सरकार को प्रयास करना चाहिए। दूसरी ओर बात नागरिक सुविधाओं की हो तो प्रोफेशनल टैक्स, जीएसटी आदि मामलों को लेकर व्यापारियों एवं उद्योगों पर दवाब नहीं बनाया जाए, बल्कि उन्हें सहयोग करना चाहिए।