संस, धनसार : झरिया थाना क्षेत्र के राजापुर परियोजना इको रेस्टोरेशन में गुजरात राज्य के सूरत में रहनेवाले 38 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसके शरीर पर धारदार हथियार से वार करने के भी निशान हैं। घटना दो से तीन दिन पहले की है। शव से दुर्गंध भी आ रही थी। बुधवार को शव मिलने की सूचना पाकर सिदरी के डीएसपी एके सिन्हा, झरिया थाना प्रभारी पीके सिंह पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव के पास से मृतक का आधार कार्ड, आइडीबीआइ बैंक का एक चेक, डेबिट कार्ड, पैन कार्ड, पूनम स्टूडियो सूरत का एक विजिटिग कार्ड, कुछ पैसे व पर्स बरामद किए। युवक का जैकेट भी बरामद किया गया।
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेजा। शव के पास मौजूद आधार कार्ड से पुलिस मृतक की शिनाख्त करने में जुटी है। आधार कार्ड में विनोद झा, पिता नागेश्वर झा है। पता सूरत गुजरात अंकित है। घटनास्थल से पुलिस ने साहू नामक व्यक्ति का तीन लाख रुपये की राशि भरा आइडीबीआइ मध्यप्रदेश का एक चेक, मकौनिया चौराहा सागर मध्यप्रदेश पूनम स्टूडियो का कार्ड व डेबिट कार्ड भी बरामद किया गया है। घटना के आसपास शराब की बोतलें, अगरबत्ती व तीन जले सिगरेट, झरिया की एक सोनार दुकान का बटुआ भी बिखरा पड़ा था। पुलिस ने इसकी भी पड़ताल की। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
---
इको रेस्टोरेशन घूमने गए दो युवकों ने पहले देखा शव
राजापुर इको रेस्टोरेशन की नर्सरी में प्योर भगतडीह के दो युवक घूमते हुए बुधवार को पहुंचे। उनकी नजर युवक के शव पर पड़ी। दोनों युवक भागते हुए राजापुर व्यू प्वाइंट पहुंच कर वहां काम कर रहे कोल कर्मियों को इसकी जानकारी दी। कर्मियों ने इसकी सूचना बीसीसीएल प्रबंधन को दी। प्रबंधन ने शव की शिनाख्त करने का प्रयास किया। मामले की सूचना झरिया थाना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण कर छानबीन शुरू की।
---
एक सप्ताह से यहां लोगों के आने-जाने पर थी रोक :
राजापुर इको रेस्टोरेशन को बीसीसीएल प्रबंधन ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सात साल पूर्व में बनाया था। यहां बांस व कई पेड़ भी लगाए थे। यह बढ़कर घना व जंगलनुमा बन गया है। यह स्थान सुनसान है। पहले शाम ढलते ही असामाजिक तत्व यहां अड्डेबाजी व शराब पीन पहुंच जाते थे। कई दिनों से लोगों का आना-जाना बंद कर दिया गया था। इको रेस्टोरेशन के इंचार्ज अमरेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि सात दिन पूर्व से ही यहां कोल कर्मियों का आना-जाना बंद था। यहां पर कार्यरत आठ कर्मी इन दिनों राजापुर के व्यू प्वाइंट में काम कर रहे हैं।
---
सिर व कमर में युवक को मारी गई गोली
शव की स्थिति को देखते हुए यह प्रतीत हो रहा था कि अपराधियों व मृतक के बीच पहले हाथापाई हुई। अपराधियों ने युवक पर ताबड़तोड़ धारदार हथियार से प्रहार किया। इसके कारण ही उसके चेहरे, सिर, दोनों हाथ की अंगुली, केहुनी के पास कटे घाव के निशान थे। इसके बाद ही उसके सिर व कमर में गोली मारी गई। शव दो चट्टानों के बीच औंधे मुंह पड़ा हुआ था। अपराधियों ने मृतक के पास मौजूद सभी दस्तावेज शव के पास ही एक चट्टान पर रख दिया था।
----
युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। मृतक की पहचान शव के पास पड़े आधार कार्ड से छानबीन कर की जा रही है। घटना की छानबीन कई बिदुओं पर की जा रही है।
- एके सिन्हा, डीएसपी सिदरी।
धनबाद में कोरोना वायरस से जुडी सभी खबरे