साहिबगंज से महाराष्ट्र में कमाने गए युवक की हत्या, गन्ने की खेत में मिली लाश
महाराष्ट्र के सतारा जिला के कराड़ थाना क्षेत्र में अपने अन्य साथियों के साथ साझेदारी में किराये का कमरा लेकर रहता था। छह जुलाई की सुबह वह काम के लिए निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर कमरे के अन्य साथियों ने खोजबीन शुरू की।
संवाद सहयोगी, उधवा (साहिबगंज)। राधानगर थाना क्षेत्र की पूर्वी उधवा दियारा पंचायत के बालूगांव निवासी 25 वर्षीय इस्माइल शेख की गुरुवार को महाराष्ट्र के सतारा जिले में हत्या कर दी गई। हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। वह एक सप्ताह से लापता था। कराड़ थाना पुलिस ने ईख के खेत से युवक का शव बरामद किया। शव क्षत-विक्षत हालत में मिला है। घटना की सूचना मिलते ही बालूगांव में शोक की लहर फैल गई।
डेढ़ माह पूर्व इस्माइल शेख मजदूरी के लिए मुंबई गया था। महाराष्ट्र के सतारा जिला के कराड़ थाना क्षेत्र में अपने अन्य साथियों के साथ साझेदारी में किराये का कमरा लेकर रहता था। छह जुलाई की सुबह वह काम के लिए निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर कमरे के अन्य साथियों ने खोजबीन शुरू की। सुराग नहीं मिलने पर उनके साथियों ने बीते आठ जुलाई को कराड़ थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गुरुवार की सुबह कराड़ थाने की पुलिस ने ईख खेत से युवक का शव बरामद किया।
घटनास्थल पर मौजूद बैग व टी-शर्ट को देखकर वहां उपस्थित युवक के अन्य साथियों ने उसकी पहचान की। दूरभाष के माध्यम से स्वजनों को सूचना दी। स्वजनों के अनुसार मृत युवक के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिवार का सारा बोझ अब उनकी पत्नी को उठाना पड़ेगा।