CAA Protest : नागरिक कानून के खिलाफ सड़क पर उतरी वासेपुर की महिलाएं, 3007 लोगों पर दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग Dhanbad News
वासेपुर की महिलाओं ने नागरिक कानून के विरोध में कैंडल मार्च निकाला। साथ ही हाल ही एक रैली के दौरान 3007 लोगों पर दर्ज मुकदमे को वापस लेने की मांग की।
धनबाद, जेएनएन। नागरिकता कानून (CAA) के विरोध में वासेपुर की महिलाओं ने रविवार की शाम को शांतिपूर्वक कैंडल मार्च निकाला। महिलाओं ने भारत सरकार से सीएए जैसे विवादित कानून को अविलंब वापस लेने की मांग की। साथ ही हाल ही में सीएए के खिलाफ एक जुलूस निकाले जाने को लेकर वासेपुर के सात लोगों पर नामज़द तथा 3000 अज्ञात लोगों पर जो मुकदमा दर्ज़ किया गया है, उसे शीघ्र हटाने की भी मांग की।
महिलाओं ने कहा कि जब तक सरकार इस विवादित कानून और 3007 निर्दोषों पर दर्ज़ झूठे मुकदमे को वापस नहीं ले लेती है तब तक ये आंदोलन जारी रहेगा और निरंतर बढ़ता ही जाएगा। कैंडल मार्च वासेपुर एसबीआई बैंक के पास से निकल कर नया बाज़ार के सुभाष चौक तक गया। वहां से शांतिपूर्वक वासेपुर लौट आया। कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों भी उपस्थित रहे। इस दौरान सभी के हाथों में कैंडल और सीएए, एनसीआर के खिलाफ तख्तियां थी।
गौरतलब है कि हाल ही में वासेपुर के लोगों ने सीएए के खिलाफ एक रैली निकाली थी, जिसकी अनुमति प्रशासन ने नहीं दी थी। इसी के आधार पर रैली में शामिल 3000 लोगों पर पुलिस ने धनबाद थाने में राजद्रोह सहित मुकदमा दर्ज कर दिया। वहीं, दैनिक जागरण में खबर प्रकाशित होने के बाद मुख्यमंत्री ने संज्ञान लिया। इसके बाद पुलिस ने राजद्रोह का मुकदमा वापस ले लिया। हालांकि, यह मामला अब कोर्ट के समक्ष है।