International Women's Day 2021: रेलवे ने धनबाद में अलग अंदाज में मनाया खास दिवस, आधी आबादी को मिली पूरी जिम्मेदारी
International Womens Day 2021 धनबाद रेल मंडल प्रबंधन ने खास अंदाज में महिला दिवस मनाया। धनबाद रेलवे स्टेशन का प्रबंधन पूरी तरह से महिलाओं को साैंप दिया गया था। स्टेशन मास्टर की कुर्सी से लेकर टिकट घर और कंट्रोल रूम की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं के हाथ में।
धनबाद, जेएनएन। आठ मार्च यानी महिलाओं का दिन। आधी आबादी को समर्पित इस खास दिन को धनबाद रेल मंडल प्रबंधन अपने खास अंदाज में मनाया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर धबाद रेलवे स्टेशन को महिलाओं के हवाले कर दिया गया था। इन्हीं के इशारे पर रेल गाड़ियों का परिचालन हुआ। महिला अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी संभाला। स्टेशन मास्टर की कुर्सी, टिकट घर, कंट्रोल रूम, रूट रिले इंटरलॉकिंग बिल्डिंग से लेकर प्लेटफार्म की सुरक्षा तक सुब कुछ महिलाओं के नियंत्रण में था। यह सब रेल यात्रियों के लिए भी एक अलग तरह का अनुभव था। इस खास माैके पर एक स्टॉफ स्पेशल ट्रेन का भी महिलाओं ने परिचालन किया। धनबाद स्टेशन से गोमो स्टेशन के बीच स्टॉफ स्पेशल ट्रेन में चालक, सह चालक और गार्ड की भूमिका में महिलाएं थीं।
धनबाद-गोमो स्टॉफ स्पेशल ट्रेन में चालक, गार्ड, टीटीई और आरपीएफ भी महिलाएं
धनबाद से गोमो के बीच स्टाफ स्पेशल ट्रेन तो रोज चल रही है। मगर, सोमवार को यह ट्रेन बहुत खास बन गई । वजह आधी आबादी को पूरी जिम्मेदारी। जी हां, धनबाद से गोमो के बीच चलने वाली स्टाफ स्पेशल ट्रेन को आज महिलाएं चला रही हैं। चालक, सहायक चालक और गार्ड तीनों महिलाएं हैं। इसके साथ ही ट्रेन की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रही आरपीएफ की टीम भी महिलाओं की है। टिकट चेकिंग स्टाफ भी सभी महिलाएं हैं।
स्टेशन मास्टर ने गुलदस्ता भेंट कर किया महिलाओं का स्वागत
धनबाद स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 4 से धनबाद गोमो स्टाफ स्पेशल ट्रेन खुली। इससे पहले स्टेशन प्रबंधक रत्नेश कुमार ने पूरी महिला टीम का स्वागत गुलदस्ता देकर किया।
गोमो से वापसी भी महिलाओं के जिम्मे
गोमो से धनबाद के बीच स्टाफ स्पेशल ट्रेन की वापसी भी होगी और उस ट्रेन में भी सभी महिलाएं ही ड्यूटी करेंगी। महिलाओं को ट्रेन चलाते देख ट्रेन पर सवार रेलवे कर्मचारियों में भी काफी उत्साह देखा गया। रेल कर्मचारी महिला चालक, सहायक चालक और गार्ड के साथ सेल्फी लेते दिखे।