बोकारो में आटा के झोले में मिला महिला का कटा सिर, इस कारण यूपी के Prayagraj से जुड़ रहा कनेक्शन
जिस झोला के अंदर महिला का कटा सिर मिला उसपर यूपी के प्रयागराज की एक आटा चक्की का अस्पष्ट नाम लिखा था। इसे देखते हुए पुलिस ने जांच का दायरा प्रयागराज तक बढ़ा दिया है। बोकारो पुलिस ने प्रयागराज पुलिस से संपर्क साधा है।
जागरण संवाददाता, बोकारो। झारखंड के बोकारो के सेक्टर-12 में भारत एकता को-आपरेटिव कालोनी के पासपास सनसनी फैल गई। घटना की ही ऐसी थी। संथालडीह जाने वाले रास्ते पर सड़क किनारे एक झोला पड़ा था। जब लोगों ने अंदर झांक कर देखा तो आटा के इस पुराने झोले में महिला का कटा सिर मिला। कुछ दूरी पर एक हाथ की हड्डी मिला। अंदाज लगाया कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद हत्यारों ने कटा सिर और हाथ लाकर यहां फेंक दिया होगा। पुलिस ने काफी प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। गुरुवार को पोस्टमार्टम होगा। 72 घंटे तक सिर को शिनाख्त के लिए रखा जाएगा।
झोला के अंदर काली प्लास्टिक में महिला का कटा सिर
सेक्टर बारह थाना इंचार्ज जय गोविंद प्रसाद गुप्ता को बुधवार की सुबह जानकारी मिली कि झोले में महिला का सिर पड़ा है। आस-पास कई जानवर घूम रहे हैं। थाना प्रभारी सहयोगियों के साथ तुरंत पहुंचे। पुलिस ने झोला खोला तो काली प्लास्टिक में सिर मिला। इसके बाद जांच शुरू की गई। महिला का पता लगाने और हत्यारे तक पहुंचने के लिए खोजी कुत्ते का भी सहारा लिया गया। लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
पुलिस ने यूपी पुलिस से भी साधा संपर्क
जिस झोला के अंदर महिला का कटा सिर मिला उसपर यूपी के प्रयागराज की एक आटा चक्की का अस्पष्ट नाम लिखा था। इसे देखते हुए पुलिस ने जांच का दायरा प्रयागराज तक बढ़ा दिया है। बोकारो पुलिस ने प्रयागराज पुलिस से संपर्क साधा है। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि जिस महिला की हत्या हुई है वह कहां की थी। यह जांच के बाद ही पता चलेगा। पुलिस ने बोकारो के विभिन्न थाना को भी घटना की जानकारी दी है।
महिला का सिर व उससे कुछ दूर हाथ की हड्डी मिली। शहर के थानों से लापता महिलाओं का हुलिया लेकर सिर से मिलान किया गया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। आस-पास के जिलों में सूचना दे दी गई है। अज्ञात हत्यारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
-जय गोविंद प्रसाद गुप्ता, थाना प्रभारी सेक्टर बारह, बोकारो