टीका लेने के बाद सदर अस्पताल में महिला हुई बेहोश
सदर अस्पताल में टीका लेने आई एक महिला बेहोश हो गई। बेहोश होने के बाद महिला को डाक्टरों ने अपनी देखरेख में रखा। लगभग एक घंटे के बाद महिला को अस्पताल से घर भेजा गया।
धनबाद : सदर अस्पताल में टीका लेने आई एक महिला बेहोश हो गई। बेहोश होने के बाद महिला को डाक्टरों ने अपनी देखरेख में रखा। लगभग एक घंटे के बाद महिला को अस्पताल से घर भेजा गया। हीरापुर की सुनीता पहला वैक्सीन का डोज लेने सदर अस्पताल आई थी। टीका लेने के बाद उसकी स्थिति खराब हो गई और चक्कर आने लगा। इसके बाद टीकाकरण केंद्र के बाहर ही महिला बेहोश होकर गिर पड़ी। इसके बाद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। इसकी तत्काल सूचना अस्पताल में बैठे डा. राजकुमार सिंह और डा. मासूम आलम को दी गई। पदाधिकारी भागकर महिला के पास पहुंचे और इलाज शुरू किया। जांच करने के बाद महिला का ब्लड प्रेशर 110 / 70 पाया गया। बेहोश होने के बाद स्वजन हुए परेशान :
महिला के बेहोश होने के बाद उसके स्वजन काफी परेशान हो गए। उनके रिश्तेदारों ने एंबुलेंस बुलाकर दूसरे अस्पताल में ले जाने की तैयारी करने लगे। लेकिन तत्काल डा. मासूम आलम ने इलाज कर महिला को आराम करने की सलाह दी। महिला ने बताया कि टीका लेने के बाद उसे चक्कर आने लगा। इसके बाद वह गिर गई। डा. मासूम ने बताया कि टीका लेने के बाद इसके कुछ लोगों में हल्के साइड इफेक्ट होते हैं। इसी के कारण हर टीकाकरण केंद्र पर अलग से आब्जर्वेशन रूम बनाए गए हैं। लोगों से अपील की जाती है टीका लेने के बाद कम से कम आधे घंटे तक डाक्टर की देखरेख में रहें। इसके बाद ही अपने घर के लिए प्रस्थान करें।