जल संयोग के लिए महिला ने गहने बेच दी रिश्वत, दो माह बाद भी नहीं पहुंचा पानी Dhanbad News
माडा कर्मचारी संघ के मो. असलम कहते हैं बेवजह कोई शिकायत नहीं करेगा। यह सब कर्मचारियों और अधिकारियों की संलिप्तता का ही नमूना है। सही तरीके से इसकी जांच होनी चाहिए।
धनबाद, जेएनएन। यह पानी न जाने कितने रंग दिखाएगा। पानी के लिए तरस रहे लोगों की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। जरा बेबसी तो देखिए पानी के कनेक्शन के लिए अपने आभूषण तक बेच दिए, फिर भी पानी नहीं मिल सका। झारखंड खनिज क्षेत्र विकास प्राधिकर के दो कर्मियों के चलते ऐसी नौबत आई है। डिगवाडीह 10 नंबर की फरजाना बेगम ने झमाडा के दो कर्मचारियों पर 80 हजार रुपए की ठगी का आरोप लगाया है।
महिला ने शिकायत करते हुए कहा कि यहां के दो कर्मचारियों अरुण कुमार और प्रकाश मांझी ने पानी के कनेक्शन के लिए 2 माह पहले 80 हजार मांगे। इतनी राशि देने में असमर्थता जताई तो कहा गया कि नीचे से लेकर ऊपर तक सबको चढ़ावा देना पड़ता है। कई तरह के कागजात बनते हैं, जिसमें पैसे खर्च होते हैं। जिसके बाद फरजाना ने अपने आभूषण बेचकर 80 हजार की व्यवस्था की। इसके बाद कर्मचारियों ने पानी का कनेक्शन लेकर नक्शा बनाया, साथ ही कागजी प्रक्रिया भी पूरी की। फरजाना के घर तक पाइप लाइन भी जोड़ दी गई, लेकिन पानी आज तक नहीं मिला। कई दफा इस संबंध में दोनों कर्मचारियों से मिलकर अपनी बात भी रखी कि इतना पैसा देने के बाद भी पानी नहीं मिला है। इस पर कर्मचारियों का दो टूक जवाब होता था कि हमारा काम था कनेक्शन देना पानी नहीं मिला तो हम क्या करें। इस पूरे प्रकरण में में दोनों कर्मचारियों ने अपने हाथ खींच लिए। कहा कि जो प्रक्रिया है और जितना खर्च होता है वह तो करना ही पड़ेगा। कनेक्शन करना हमारा काम है पानी पहुंचाना नहीं। पानी का कनेक्शन 15000 ही है, इस सवाल के जवाब पर दोनों चुप्पी साध गए।
गड़बड़ी तो है, जांच होनी चाहिए
माडा कर्मचारी संघ के मो. असलम कहते हैं बेवजह कोई शिकायत नहीं करेगा। यह सब कर्मचारियों और अधिकारियों की संलिप्तता का ही नमूना है। झरिया से लेकर की केंदुआ करकेंद तक इस तरह की कई शिकायतें हैं। सही तरीके से इसकी जांच होनी चाहिए। गरीब आदमी पानी कनेक्शन के लिए कहां से पैसे जुगाड़ करेगा।
माडा का काम हर हाल में पानी पहुंचाना है। किसी को भी इससे वंचित नहीं रखा जा सकता। इस मामले की जानकारी नहीं थी, पता करवाते हैं क्या मामला है। महिला को पानी हर हाल में मिलेगा। दोषियों पर कार्रवाई भी होगी।
- दिलीप कुमार, एमडी माडा