Dhanbad Weather Forecast: सुबह देर तक छाया रहा कोहरा, शाम भी होगी बेहद सर्द
धनबाद में अचानक से ठंड काफी बढ़ गई है। सुबह और शाम तो हाड़तोड़ ठंड पड़ रही है। शनिवार को सुबह देर तक कोहरा छाया रहा। ठंड और कोहरा के बीच आसमान में बादल से माैसम का हाल बदहाल है।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद का तापमान बेहद सर्द हो चुका है। दिनभर जहां धूप नहीं खिलने से से ठंड लग रही है वहीं शाम होते ही पारा और गिर जा रहा है। शनिवार को भी सुबह देर तक कोहरा छाया रहा। दिन चढ़ने के साथ हल्की धूप खिल सकती है। हालांकि धूप खिलने के बाद भी सर्द हवाएं दस्तक देती रहेंगी जिससे दिन में भी ठंडक का एहसास होगा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से न्यूनतम तापमान और गिरेगा। तापमान गिरकर 7 डिग्री तक पहुंच सकता है। इससे कनकनी बढ़ेगी। शाम में ठंडी हवा चलने से काफी सर्दी का एहसास होगा।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार असम में बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन दक्षिणी बांग्लादेश तक फैल चुका है। दूसरी ओर महाराष्ट्र के बड़े हिस्से तक साइक्लोनिक सर्कुलेशन के बादल छाए हुए हैं। बादलों की आवाजाही धनबाद होकर ही हो रही है। यही वजह है कि यहां आसमान में दिनभर बादल छाए रह रहे हैं। शनिवार के बाद रविवार का तापमान भी सर्द रहेगा। फरवरी के पहले हफ्ते में भी पूरा शहर ठंड की गिरफ्त में रहेगा। 31 जनवरी से हिमालय में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ेगी। इससे घना कोहरा छाने का अनुमान है।
मंगलवार तक का संभावित तापमान
- शनिवार अधिकतम 23 न्यूनतम 7
- रविवार अधिकतम 23 न्यूनतम 7
- सोमवार अधिकतम 22 न्यूनतम 8
- मंगलवार अधिकतम 23 न्यूनतम 8