चुनाव के बाद थोक व्यापार सुस्त, खुदरा में उछाल, भीषण गर्मी का कारोबार पर पड़ा असर
लोकसभा चुनाव के बाद कृषि उत्पादन बाजार समिति के परिसर से ईवीएम मशीन हटा ली गई है गोदाम को प्रशासन ने खाली कर दिया है। मंडी फिर गुलजार हो गई है।
जागरण संवाददाता, धनबाद: लोकसभा चुनाव के बाद कृषि उत्पादन बाजार समिति के परिसर से ईवीएम मशीन हटा ली गई है, गोदाम को प्रशासन ने खाली कर दिया है। मंडी फिर गुलजार हो गई है। मगर भीषण गर्मी के कारण कारोबार पर असर पड़ रहा है। धंधा मंदा है। सिर्फ दलहन के व्यापारी गदगद है। कारण कि दाल के दाम में कुछ उछाल है।
लोकसभा चुनाव में पहली बार कृषि उत्पादन बाजार समिति को स्ट्रांग रूम बनाया गया था। यही पर मतगणना की गई है। 15 मार्च को ही प्रशासन ने छह वेयर हाउस को खाली करा दिया था। फिर 12 मई के बाद 16 दिनों तक बाजार समिति पर प्रशासन का नियंत्रण रहा। इस वजह से थोक कारोबारियों ने मंडी से दूरी बना रखी थी। मंडी खुली है तो रमजान का मौका है। गर्मी ऐसी है कि ग्र्राहकों का आगमन कम है। वैसे, वट सावित्री के त्योहार के कारण व्यापारियों को कुछ उम्मीद है। कोयलांचल में वट सावित्री का त्योहार बढिय़ा तरीके से मनाया जाता है।
रमजान में भी आम के दाम में उछाल नहीं: रमजान में फलों की खपत बढ़ जाती है। मंडी में तरबूज, ककड़ी, खीरा, केला, लीची, सेव आ रहा है। पपीता, सेब और तरबूज की बिक्री ठीक ठाक है। आम के दाम में उछाल नहीं है। आम की आवक पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश से हो रही है। बिहार के भागलपुर से भी लंगड़ा व बंबई आम की आवक शुरू हो चुकी है। बंगाल, उड़ीसा और छत्तीसगढ़ से तरबूज मंगाया जा रहा है।
पश्चिम बंगाल से मंडी में रोज उतर रही लीची: लीची की आवक पश्चिम बंगाल से हो रही है। 10 किलो के कार्टून में पैक झरिया के राज गांव, पुराना बाजार सब्जी मंडी, कतरास, छाताटांड़ और गोविंदपुर के मुख्य बाजार प्रांगण में लीची भेजी जा रही है। 400 से 500 प्रति पैकेट (करीब दस किलो) बिक रही है। खुदरा में इसकी कीमत 60 से 80 रुपये है।
दलहन के व्यापारियों को रमजान मुबारक: दलहन के व्यापारी सूरज की गर्मी में भी मस्त हैं। उनके लिए रमजान का पवित्र माह मुबारक लेकर आया है। दाल व तेल की कीमत बढऩे पर भी बाजार में उसकी मांग बरकरार है।
आम के दाम पर एक नजर:
हेमसागर : 1600 से 1800 रुपए प्रति क्विंटल
लंगड़ा : 2000 से 2600 रुपए प्रति क्विंटल
बीजू आम : 1200 से 1600 रुपए क्विंटल
बैगन पिल्ली : 300 से 450 रुपए प्रति कार्टून (15 किलो)
गुलाब खास : 250 से 550 रुपए प्रति कार्टून
तोता परी : 200 से 280 रुपए प्रति क्विटंल
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप