UPSC में सफल होने का सपना रखने वालों को मिला मंत्र, जानें 2014 में AIR-99 पाने वाले आदित्य के टिप्स व ट्रिक्स Dhanbad News
पश्चिमी सिंहभूम के डीडीसी आदित्य रंजन ने बताया कि यूपीएससी परीक्षा में सबसे जरूरी चीज है सही विषयों का चयन। यहीं से इस परीक्षा में सफलता का आधार तैयार होता है।
धनबाद, जेएनएन। यूपीएससी (UPSC) में सफल होने का सपना बहुतों का होता है, लेकिन यह सपना बहुत कम लोगों का ही पूरा हो पाता है। इसके लिए मेहनत के साथ-साथ परीक्षा के बारे में पर्याप्त जागरुकता की आवश्यकता है। उक्त बातें पश्चिमी सिंहभूम के डीडीसी आदित्य रंजन ने कही। आदित्य आइआइटी आइएसएम करियर क्लब द्वारा आयोजित कार्यक्रम में आइआइटीयन को यूपीएससी क्रेक करने का टिप्स देने पहुंचे थे।
दरअसल आदित्य रंजन ने इन बेहद जरूरी टिप्स और ट्रिक्स के बारे में बताया। इसका विषय था सिविल सेवा परीक्षा में सफलता कैसे पाएं। साल 2014 में एआइआर-99 पाने वाले आदित्य ने तैयारी की रणनीतियों के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि यूपीएससी परीक्षा में सबसे जरूरी चीज है सही विषयों का चयन। यहीं से इस परीक्षा में सफलता का आधार तैयार होता है। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थी को अर्जुन की तरह अपने लक्ष्य पर लगातार नजर बनाए रखनी चाहिए। जब भी आपको लगे की आपका आत्मविश्वास कम हो रहा है, तो और ज्यादा कड़ी मेहनत करें। लगातार कड़ी मेहनत से आप अपना खोया आत्मविश्वास वापस पा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि आईएएस परीक्षा के लिए कोचिंग संस्थानों पर जरूरत से ज्यादा निर्भर नहीं होना चाहिए। इसका फायदा नहीं होगा। आपको खुद भी पूरी दृढ़ता, लगन और समर्पण के साथ अपनी पढ़ाई पर फोकस करना होगा। ग्रेजुएशन के बाद सिविल सेवा की तैयारी ज्यादा लाभदायक होगी। सबसे जरूरी बात ये भी है कि आप जिस भाषा में तैयारी कर रहे हैं, उस पर आपकी पूरी पकड़ होनी चाहिए। इस दौरान छात्रों ने काफी सवाल भी किए जिसका आदित्य रंजन ने जवाब दिया। मौके पर इस अवसर काफी संख्या में आइएसएम के छात्र मौजूद थे।