कोरोना संक्रमण से पड़ोस के आसनसोल में तीन सप्ताह के लिए नगर निगम चुनाव स्थगित, झारखंड में क्या होगा ?
West Bengal Civic Polls Deferred कोरोना की तीसरी लहर के खतरे को देखते हुए पश्चिम बंगाल में आसनसोल समेत पांच नगर निगमों के चुनाव को तीन सप्ताह के लिए आगे बढ़ा दिए गए हैं। पहले 22 जनवरी को मतदान होने थे। अब 12 फरवरी को मतदान होंगे।
जागरण संवाददाता, धनबाद/ आसनसोल। कोरोना की तीसरी लहर के खतरे को देखते हुए कोलकाता हाई कोर्ट के आदेश के मद्देनजर पश्चिम बंगाल में होने वाले आसनसोल समेत चार नगर निगमों के चुनाव स्थगित कर दिए हैं। अब मतदान 22 जनवरी के स्थान पर 12 फरवरी को होंगे। पश्चिम बंगाल में तीन सप्ताह के लिए नगर निगम चुनाव की तिथि आगे बढ़ाए जाने के बाद सीमावर्ती राज्य झारखंड में भी पंचायत और नगर निगम चुनाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं। क्या झारखंड में चालू वित्तीय वर्ष के मार्च 2022 तक पंचायत और नगर निगम चुनाव कराए जाएंगे ? कोरोना के कारण झारखंड में पंचायत चुनाव एक साल तो नगर निगम चुनाव डेढ़ साल से ज्यादा समय से लंबित हैं।
कोलकाता हाई कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद चुनाव स्थगित
कोरोना के मद्देनजर बंगाल में आसनसोल नगर निगम सहित चार नगर निगमों का चुनाव तीन हफ्ते के लिए राज्य चुनाव आयोग ने टालने का फैसला लिया है। अब 22 जनवरी की बजाय 12 फरवरी को चारों नगर निगमों के लिए चुनाव होगा। राज्य चुनाव आयोग की ओर से शनिवार को नई अधिसूचना जारी कर कहा गया है कि अब 12 फरवरी को मतदान होगा और 15 फरवरी को चुनाव नतीजे की घोषणा की जाएगी। कोरोना की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। एक दिन पहले ही कलकत्ता उच्च न्यायालय ने राज्य चुनाव आयोग को बंगाल में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर चार नगर निगमों में निकाय चुनाव चार से छह सप्ताह के लिए स्थगित करने की संभावनाएं तलाशने को कहा था।
झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री ने मार्च तक चुनाव कराने की कर रखी घोषणा
झारखंड में पंचायत चुनाव दिसंबर-2020 में होने थे। लेकिन कोरोना के कारण चुनाव स्थगित कर दिए गए। उम्मीद की जा रही थी कि मई-जून 2021 में चुनाव होंगे। कोरोना की दूसरी लहर के कारण झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने पंचायत चुनाव टालने का निर्णय लिया। झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने मार्च 2022 तक पंचायत चुनाव कराने की घोषणा कर रखी है। हालांकि उन्होंने अपनी घोषणा के साथ यह भी जोड़ा था कि सब कुछ कोरोना संक्रमण पर निर्भर करता है। कोरोना तेजी से फैल रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या मार्च तक झारखंड में पंचायत चुनाव होंगे ?
डेढ़ साल से नगर निगम चुनाव का इंतजार
धनबाद, देवघर और चास समेत झारखंड के एक दर्जन से ज्यादा नगर निकायों में चुनाव लंबित हैं। चुनाव मई-जून 2020 में होने थे। कोरोना के कारण स्थगित कर दिए गए। अब तक नगर निगम चुनाव कराने में झारखंड सरकार ने दिलचस्पी नहीं दिखाई है। जबकि कार्यकाल बीते डेढ़ साल बीत गए हैं।