Move to Jagran APP

कोयलांचल का सियासी तापमान बढ़ा गए रघुवर, शहर में सरकार से लेकर पोस्टर वार तक... Dhanbad News

लोकसभा चुनाव में भाजपा मजबूती के साथ दोबारा चुनकर आई इसलिए कई लोग इस उम्मीद में हैं कि पार्टी टिकट दे दे तो मोदी-रघुवर के नाम पर उनका भी बेड़ा पार लग जाए।

By Deepak Kumar PandeyEdited By: Published: Sat, 19 Oct 2019 05:12 PM (IST)Updated: Sat, 19 Oct 2019 05:12 PM (IST)
कोयलांचल का सियासी तापमान बढ़ा गए रघुवर, शहर में सरकार से लेकर पोस्टर वार तक... Dhanbad News
कोयलांचल का सियासी तापमान बढ़ा गए रघुवर, शहर में सरकार से लेकर पोस्टर वार तक... Dhanbad News

दीपक, धनबाद: इस सप्ताह मुख्यमंत्री रघुवर दास कोयलांचल में जन जोहार रैली से एक तीर से कई निशाने कर गए। एक ओर जहां उन्होंने सरकार के कामकाज का प्रचार किया, वहीं दूसरी ओर विपक्षियों को निशाने पर लेते हुए पार्टी के अंदर का भी हाल जाना।

prime article banner

धनबाद की सभी छह विधानसभा सीटों पर टिकट पाने को दावेदारी तेज है। लोकसभा चुनाव में भाजपा मजबूती के साथ दोबारा चुनकर आई, इसलिए कई लोग इस उम्मीद में हैं कि पार्टी टिकट दे दे तो मोदी-रघुवर के नाम पर उनका भी बेड़ा पार लग जाए। मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान यह स्पष्ट रूप से दिखा। पोस्टर वार में पार्टी नेताओं ने किसी पर निशाना तो नहीं साधा, लेकिन खुद को प्रोजेक्ट करने में कोई कोर-कसर भी बाकी नहीं रखी। सिंदरी सीट पर फूलचंद की उम्र को लेकर वहां दावेदारों की संख्या बढ़ी है तो धनबाद में बस यूं ही। झरिया, बाघमारा में कार्यकर्ता-समर्थक फिलहाल अपने नेता के पीछे चलते ही नजर आ रहे हैं।

बाघमारा सीट से निवर्तमान विधायक ढुलू महतो का उत्साह चरम पर है। हालांकि धनबाद की कोर्ट से सजा सुनाए जाने के कारण उन्होंने प्लान बी भी समझा दिया। इस बार वे सीएम की यात्रा के दौरान हर जगह अपनी पत्नी के साथ नजर आए। यहां तक कि मंच पर भी ढुलू की पत्नी सावित्री देवी मौजूद रहीं।

भाजपा के कब्जे में होंगी जिले की सभी सीटें: शुक्रवार को कतरास में ढुलू ने कहा कि जोहार जनयात्रा में मुख्यमंत्री रघुवर दास की बातों को सुनने के लिए उमड़ी लोगों की भीड़ यह संकेत दे रही है कि जिले की सभी छह सीटों पर भाजपा काबिज होगी। उन्होंने कहा कि कपुरिया से महुदा, नावागढ़, खरखरी, सिनीडीह, सोनारडीह, कतरास व डुमरा के माथबांध मैदान तक लोगों ने जिस तरह से मुख्यमंत्री का स्वागत किया, वह अविस्मरणीय है।

पोस्टर फाड़े जाने से आहत अमरेश बोले, भाजपा के नाम पर हुआ कुकृत्य: मुख्यमंत्री रघुवर दास की जोहारजन आशीर्वाद यात्रा के दौरान पोस्टर और बैनर फाड़े व हटाए जाने से भाजपा नेता अमरेश सिंह आहत हैं। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान उनके पोस्टर हटाने का जो कुकृत्य पार्टी के नाम पर किया गया, उसे सभी जान रहे हैं। बावजूद उन्हें किसी से कोई द्वेष नहीं है।

उन्होंने कहा कि उनकी लोकप्रियता पार्टी के ही कुछ लोगों को रास नहीं आ रही है। यह पार्टी का कार्यक्रम था, सभी अपने तरीके से इसे सफल बनाने में लगे थे। जिन्होंने उनका पोस्टर और बैनर फाड़ा, उसका वीडियो भी उनके पास है। समय आने पर सार्वजनिक भी करेंगे। पार्टी का लक्ष्य जिला के सभी छह विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करना है। जिसे भी पार्टी का टिकट मिलेगा, उसे जिताना है।

इधर कांग्रेसी भड़के, कहा- बयान वापस नहीं लिया तो सीएम पर करेंगे मुकदमा: जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक शुक्रवार को हाउसिंग कालोनी में ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें मुख्यमंत्री रघुवर दास द्वारा जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान कांग्रेस पार्टी एवं कार्यकर्ताओं पर की गई बयानबाजी की निंदा की। ब्रजेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने संवैधानिक पद पर रहते हुए जिस तरह से शब्दों का प्रयोग किया, वह शोभा नहीं देता। लगता है हताशा में सीएम ऐसे शब्दों का प्रयोग कर गए। यदि सीएम अपना बयान वापस नहीं लेते हैं तो कांग्रेस पार्टी मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ मुकदमा करेगी। कहा- सीएम सत्ता के नशे में चूर हैं। दूसरी पार्टी की तो छोडि़ए, अपनी पार्टी के ही नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को दुत्कारते हैं। मौजूदा सरकार बेरोजगारी एवं भ्रष्टाचार हटाने में असफल रही है। पार्टी मांग करती है कि सीएम पद की गरिमा के अनुकूल भाषा का प्रयोग करें। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.