पाकिस्तानी हवा राहत के साथ ला रही आफत
धनबाद : झारखंड में मानसून ने अभी तक दस्तक नहीं दी है, इसके बावजूद भी दो-तीन दिनों के अंतराल में य
धनबाद :
झारखंड में मानसून ने अभी तक दस्तक नहीं दी है, इसके बावजूद भी दो-तीन दिनों के अंतराल में यहां बारिश हो रही है। इससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिल रही है लेकिन लोगों को आफत का भी सामना करना पड़ रहा है। तेज हवाओं के कारण बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो रही है। इस स्थिति का मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ की हवाएं हैं जो पाकिस्तान की ओर से आ रही हैं। इन हवाओं ने मानसून को बंगाल की खाड़ी में रोक रखा है।
बादलों की निगरानी करने वाले मौसम वैज्ञानिक और राजकीय पॉलीटेक्निक भागा के प्राचार्य डॉ. एसपी यादव की मानें तो आगामी 24 या 25 जून तक मानसून के झारखंड में आने की संभावना है। ऐसे में बिहार और झारखंड में जो बारिश हो रही है इसका मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ की हवाएं हैं। इन हवाओं के कारण ही बादल यहां आकर रूक रहे हैं। इस बारिश के कारण इस बार लू नहीं चली और लोगों को राहत मिली। ये हवाएं पाकिस्तान से होते हुए राजस्थान होकर आ रही हैं।
-------------
बंगाल पार कर गया मानसून : डॉ. यादव ने बताया कि दस दिन पूर्व मानसून आसनसोल और वर्द्धमान के बीच से पार कर गया। पश्चिमी विक्षोभ की हवाओं के कारण ही मानसून झारखंड में प्रवेश नहीं कर सका। यह मानसून बंगाल पार करते हुए बिहार के कुछ इलाकों किशनगंज और अररिया तक पहुंचा।
---------------
धनबाद में बना लो प्रेशर : मौसम वैज्ञानिक के अनुसार इस बार लो प्रेशर धनबाद में बना हुआ है। बारिश होने का एक कारण यह भी है। इस लो प्रेशर के कारण ही अप्रैल और मई में यहां बारिश होती रही। बीते दो सालों की स्थिति पर गौर करें तो लो प्रेशर का क्षेत्र बदलता रहा है। तीन साल पूर्व यह असम में था और पिछली साल संताल परगना के दुमका में। इस बार धनबाद में लो प्रेशर बना है। यह स्थित मानसून के लगातार खिसकने की बात कह रही है। अगले साल यह कहां होगा यह पता करना मौसम वैज्ञानिकों के लिए चुनौती है। यदि इस स्थिति का पता लगा लिया जाता है तो मानसून की सटीक अनुमान लगाना और आसान होगा।